प्रधान के पति ने नाका कर्मचारियों को पीटा, मांगी फिरौती:हर महीने 5 लाख की डिमांड, ताला लगाकर चाबी साथ ले गए

भरतपुर जिले की रूपवास पंचायत समिति की प्रधान नीतू गुर्जर के पति राजू पर रॉयल्टी नाका चलाने के बदले हर महीने 5 लाख रुपए की फिरौती मांगने का आरोप लगा है।

आरोप है कि वह अपने साथियों के साथ नाके पर पहुंचे, कर्मचारियों से मारपीट की और नाके पर ताला लगाकर चाबी अपने साथ ले गए।

रुदावल थाना अधिकारी नरेश शर्मा ने बताया कि रॉयल्टी कर्मचारी की शिकायत के आधार पर कल देर शाम FIR दर्ज कर ली गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

नाके पर पहुंचते ही कर्मचारियों से मारपीट

महेंद्र निवासी छापोली जिला झुंझुनूं ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि घटना महलपुर स्थित रॉयल्टी नाके की है।

उसने शिकायत में कहा कि 6 मार्च की रात करीब 9:30 बजे नवलकिशोर उर्फ राजू निवासी रसूलपुर और मुलायम निवासी खोहरी अपने 7-8 साथियों के साथ नाके पर पहुंचे।

रिपोर्ट के अनुसार नाके पर पहुंचने के बाद आरोपियों ने वहां काम कर रहे कर्मचारियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद कर्मचारियों को नाके से बाहर निकाल दिया गया।

हर महीने 5 लाख रुपए मांगने का आरोप

महेंद्र के अनुसार राजू और मुलायम ने कर्मचारियों को धमकी दी कि अगर उन्हें यहां नाका चलाना है तो हर महीने 5 लाख रुपए देने होंगे।

कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने अवैध वसूली की मांग की।

नाके पर ताला लगाकर चाबी ले गए

रिपोर्ट में कहा गया है कि राजू और मुलायम ने नाके पर ताला लगा दिया और चाबी अपने साथ ले गए।

जाते समय उन्होंने कर्मचारियों से कहा कि नाके के मालिक से कह देना कि जब तक वह उनसे बात नहीं करेंगे तब तक नाका शुरू नहीं होगा।

कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी देने का आरोप

महेंद्र ने पुलिस को बताया कि घटना के बाद से कर्मचारियों के लिए नाका चलाना मुश्किल हो गया है।

आरोपियों ने कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी दी है और लगातार अवैध वसूली की मांग कर रहे हैं।

प्रधान पति ने लगाया अवैध वसूली का आरोप

वहीं प्रधान नीतू गुर्जर के पति राजू ने कहा कि घटना 6 मार्च की है। उनकी बंशी पहाड़पुर में सेंड स्टोन की लीज है।

महलपुर काछी स्थित रॉयल्टी नाके पर सेंड स्टोन से भरे वाहनों से अवैध वसूली की जाती है।

उन्होंने बताया कि सरकारी रेट 358.40 रुपए प्रति टन है, जबकि नाके पर 460 रुपए के हिसाब से पैसे लिए जा रहे हैं।

रवन्ना होने के बाद भी वाहनों से पैसे मांगने का आरोप

राजू के अनुसार 6 मार्च को उनकी सेंड स्टोन से भरी गाड़ियां नाके पर पहुंचीं। सभी गाड़ियों का रवन्ना पहले से बना हुआ था।

इसके बाद भी कर्मचारियों ने ड्राइवरों से पैसे मांगे। तब ड्राइवरों ने पुलिस को सूचना दी।

शिकायत के बाद दर्ज हुई FIR

राजू ने कहा कि अगले दिन उन्होंने इसकी शिकायत की थी। इसके बाद रॉयल्टी नाके के कर्मचारियों की ओर से FIR दर्ज करवा दी गई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

E-Paper 2025