फरीदाबाद की सैनिक कॉलोनी में पानी के टैंक में डूबने से ढाई साल के बच्चे की मौत हो गई। हरदीप नाम का यह बच्चा खेलते समय पानी के टैंक में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस बच्चे की शव का पोस्टमार्टम करा रही है।
जानकारी के अनुसार, जिस मकान में बच्चा अपने माता-पिता के साथ रहता था, वहां किराएदारों ने अपने उपयोग के लिए एक अस्थायी पानी का टैंक बना रखा था। इस टैंक को ऊपर से प्लाई की शीट से ढका गया था। आशंका जताई जा रही है कि खेलते समय बच्चा इसी ढके हुए हिस्से पर चढ़ गया और अचानक संतुलन बिगड़ने से टैंक के अंदर गिर गया।
माता-पिता करते है मजदूरी
शनिवार शाम हरदीप के माता-पिता, जो मजदूरी का काम करते हैं, काम से लौटे तो बच्चा घर पर नहीं मिला। इसके बाद परिवार और आसपास के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन देर रात तक कोई सुराग नहीं मिला। काफी खोजबीन के बाद बच्चे का शव पानी के टैंक में पड़ा मिला, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस कर रही मामले की जांच
मृतक के पिता का नाम राजू बताया जा रहा है, जो अपने परिवार के साथ किराए के मकान में रहते हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।