बजट सत्र का 11वां दिन:सदन में बजट पर चर्चा जारी; विपक्ष ने लोकसभा स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस पेश किया

संसद के बजट सत्र का बुधवार को 11वां दिन है। लोकसभा में पिछले कुछ दिनों से विपक्ष के हंगामे के कारण कार्यवाही बाधित हो रही थी। हालांकि मंगलवार को दो बार स्थगन के बाद दोपहर 2 बजे से कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने यूनियन बजट पर बहस की शुरुआत की।

अब बिजनेस एडवाइजरी कमेटी ने बजट चर्चा के लिए कुल 18 घंटे तय किए हैं और उम्मीद है कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण गुरुवार को इस पर जवाब देंगी।

इसी बीच मंगलवार को विपक्ष ने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस पेश कर दिया। इसमें 118 सांसदों के हस्ताक्षर हैं। न्यूज एजेंसी IANS ने सूत्रों के हवाले से दावा किया है कि ओम बिरला अब लोकसभा नहीं जाएंगे। अविश्वास प्रस्ताव के गिरने के बाद ही वह स्पीकर की चेयर संभालेंगे।

विपक्ष के अविश्वास प्रस्ताव पर सदन में 9 मार्च को चर्चा हो सकती है। 13 फरवरी को बजट सत्र के पहले सेशन का आखिरी दिन है। इसके बाद 8 मार्च से सदन की कार्यवाही फिर से शुरू होगी।

E-Paper 2025