बस-वैन में आमने-सामने की भिड़ंत, 5 की मौत:भिंड में नेशनल हाईवे पर गाड़ी के परखच्चे उड़े; यात्री अंदर ही फंस गए, 6 लोग गंभीर

भिंड में शुक्रवार देर रात बस और वैन आमने-सामने भिड़ गए। हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वैन पूरी तरह पिचक गई। उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए।

हादसा गोहद चौराहा थाना अंतर्गत छींमका गांव के पास नेशनल हाईवे-719 पर रात 2.30 बजे हुआ। गोहद चौराहा थाना प्रभारी मनीष धाकड़ के अनुसार, ईको वैन ग्वालियर से सवारियों को लेकर भिंड की ओर आ रहा था, जबकि बस भिंड से ग्वालियर की ओर जा रही थी।

हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं घायलों को एम्बुलेंस से ग्वालियर रेफर किया गया। फिलहाल, घायलों का ग्वालियर में इलाज जारी है।

हादसे में मरने वाले दो लोगों की पहचान हुई

टीआई मनीष धाकड़ ने बताया कि 4 मृतकों की पहचान हो गई है। इनमें प्रदीप शिवहरे पुत्र रामप्रकाश, उसका भांजा अतुल शिवहरे निवासी फूप और जगदीश भदौरिया निवासी स्योड़ा गांव अकोड़ा हैं। वैन चालक की पहचान गोहद के इटाली गांव के रहने वाले भरत तिवारी के रूप में हुई। एक और मृतक की पहचान बाकी है।

हादसे में ये लोग घायल हुए

  1. केतु पुत्र संतोष (10) निवासी गांव- मोरोली
  2. संतोष पुत्र कल्याण (37) निवासीगांव-मोरोली
  3. मेवाराम पुत्र बाबुराम (61) निवासी धार का पुरा गोहद
  4. रमलाक्खन पुत्र भागीरथ (59) निवासी मेहगांव
  5. मीरा पत्नी सुरेंद्र (61) निवासी भिंड
  6. सुखवीर पुत्र/श्री (50) निवासी कल्याणपुरा भिंड

जिस जगह हादसा हुआ, वहां अंधा मोड़

पुलिस परिजन का पता लगाने के लिए दस्तावेजों और वाहन नंबर के आधार पर जांच कर रही है। जिस जगह हादसा हुआ, वहां अंधा मोड़ है। हो सकता है दोनों वाहन तेज रफ्तार में हों। हादसे की जांच जारी है। दोनों वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात बहाल कर दिया गया है।

E-Paper 2025