बालाघाट में 26 जनवरी को देर शाम ‘लोकतंत्र के लोक उत्सव भारत पर्व’ का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम देर रात तक चला। शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय सभागार में आयोजित इस पर्व में नरसिंहपुर और जबलपुर के कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियां दीं।
नरसिंहपुर से राजेश दुबे और उनकी टीम ने पारंपरिक बुंदेली गीत प्रस्तुत किए। वहीं, जबलपुर से कमलेश यादव की टीम ने बधाई और राई नृत्य का प्रदर्शन किया।
कलाकारों ने अपने मंचीय प्रदर्शन से आजादी की लड़ाई से लेकर गणतंत्र तक की झलक पेश की। उन्होंने अंग्रेजों के खिलाफ हुए विरोध और संघर्षों को भी रेखांकित किया। विभिन्न धर्मों, संप्रदायों, जातियों, भाषाओं और पहनावे के बावजूद भारत की विविधता में एकता को ‘सारे जहां से अच्छा हिन्दुस्तां हमारा’ गीत के माध्यम से दर्शाया गया।
इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष भारती ठाकुर, पूर्व नपाध्यक्ष रमेश रंगलानी, वरिष्ठ भाजपा नेता अभय सेठिया और कलेक्टर मृणाल मीणा सहित शहर के नागरिक, प्रशासनिक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने देर रात तक चले इस कार्यक्रम का आनंद लिया।