भागवत बोले-अवैध बांग्लादेशी-रोहिंग्या की पहचान करना सरकार की जिम्मेदारी:लोग सिर्फ अधिकारियों को खबर दे सकते हैं; उन्हें देश से बाहर भी भेजना होगा

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रमुख मोहन भागवत ने सोमवार को कहा कि अवैध रूप से भारत में घुसने वाले बांग्लादेशी और रोहिंग्या लोगों की पहचान करना और उन्हें देश से बाहर भेजना सरकार की जिम्मेदारी है।

नागरिक इस तरह के मामलों की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दे सकते हैं। मोहन भागवत ने यह बात रविवार को हैदराबाद में आयोजित ‘संघ यात्रा के 100 वर्ष नए आयाम’ कार्यक्रम के दौरान कही। यह कार्यक्रम RSS की शताब्दी के अवसर पर आयोजित किया गया था।

हैदराबाद दौरे के दौरान भागवत ने फिल्म जगत की हस्तियों और सीनियर ब्यूरोक्रेट्स से भी मुलाकात की।

भागवत की स्पीच की 5 बड़ी बातें…

  • दुनिया में हो रही उथल-पुथल का भारत पर न्यूनतम असर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि इसकी वजह भारत की पारिवारिक व्यवस्था, सोना बचाने की प्रवृत्ति और परिवार आधारित आर्थिक गतिविधियां हैं।
  • RSS को समझने के लिए संघ का हिस्सा बनकर उसका अनुभव लेना जरूरी है। RSS को केवल सतही रूप से समझा जाए, तो उसे गलत तरीके से भी समझा जा सकता है।
  • संघ इस बात पर जोर देता है कि राष्ट्र के विकास में नागरिकों की भूमिका अहम होती है, जबकि सरकारें, राजनीतिक दल और नेता अपनी भूमिका निभाते हैं।
  • संघ का सिद्धांत है- व्यक्ति का विकास, ताकि श्रेष्ठ राष्ट्र निर्माण हो सके। RSS की परिकल्पित ‘पंच परिवर्तन’- इसमें पारिवारिक जागरण (भजन आदि), पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समरसता, स्वदेशी और नागरिक कर्तव्य शामिल हैं।

मोहन भागवत के पिछले 3 बड़े बयान…

17 जनवरी: भागवत बोले- धर्म ही मुझे और मोदी को चला रहा

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ(RSS) चीफ मोहन भागवत ने 17 जनवरी को मुंबई में कहा था कि धर्म ही मुझे और नरेंद्र मोदी को धर्म ही चला रहा है। उन्होंने कहा कि धर्म पूरे ब्रह्मांड का चालक है। जब सृष्टि अस्तित्व में आई, तो उसके कामकाज को कंट्रोल करने वाले नियम धर्म बन गए। सब कुछ उसी सिद्धांत पर चलता है।

उन्होंने आगे कहा कि भारत को अपने संतों और ऋषियों से मार्गदर्शन मिलता रहा है। जब तक ऐसा धर्म भारत को चलाएगा, वह विश्वगुरु बना रहेगा।

2 जनवरी: भागवत बोले- भाजपा को RSS कंट्रोल नहीं करता

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख डॉ. मोहन भागवत ने शुक्रवार को कहा कि भाजपा या विश्व हिंदू परिषद के नजरिए से आरएसएस को समझना गलत है। सभी स्वतंत्र रूप से काम करते हैं और संघ किसी (भाजपा) को कंट्रोल नहीं करता। संघ का उद्देश्य सत्ता, टिकट या चुनाव नहीं, बल्कि समाज की गुणवत्ता और चरित्र निर्माण है।

22 दिसंबर: लिव-इन पर भागवत बोले- आप जिम्मेदारी लेने को तैयार नहीं

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रमुख मोहन भागवत का कहना है कि लिव-इन रिलेशनशिप में रहने वाले लोग जिम्मेदारी लेने को तैयार नहीं हैं। उन्होंने कहा कि परिवार, शादी, सिर्फ शारीरिक संतुष्टि का जरिया नहीं है। यह समाज की एक इकाई है।

E-Paper 2025