झांसी में मार्च महीने के पहले सप्ताह में ही गर्मी ने रफ्तार पकड़ ली है। गुरुवार को झांसी प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। यहां का तापमान सीजन में पहली बार 36 डिग्री के पार पहुंच गया। अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जोकि सामान्य से 5.2 डिग्री ज्यादा है।
दिन के साथ रात का तापमान भी बढ़ रहा है। यहां का न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जोकि सामान्य से 3 डिग्री ज्यादा है। अलसुबह से खिल रही चटकदार धूप दोपहर में लोगों को खूब परेशान कर रही है। दिन में पंखे, कूलर और एसी तक चलने लगे हैं।
खूब तप रहा बुंदेलखंड
मार्च महीने के शुरूआत से ही पूरा बुंदेलखंड तपने लगा है। टॉप 5 गर्म शहरों में से 4 शहर बुंदेलखंड के शामिल हैं। IMD के अनुसार, गुरुवार को झांसी प्रदेश के सबसे गर्म शहरों में टॉप पर रहा। 35.5 डिग्री तापमान के साथ आगरा दूसर नंबर पर रहा। जबकि 35.4 डिग्री तापमान के साथ बांदा तीसरे नंबर पर रहा। 34.2 डिग्री पारा के साथ हमीरपुर चौथे नंबर पर और 33.2 डिग्री तापमान के साथ उरई पांचवे नंबर पर रहा।
दोपहर में धूप में खड़ा रहना मुश्किल
फरवरी महीने की शुरूआत से ही तापमान में बढ़ाेत्तरी होने लगी थी। मैदानी इलाकों से आने वाली हवा के कारण झांसी के तापमान में लगातार इजाफा होने लगा। 16 फरवरी को झांसी का तापमान 31.4 डिग्री पहुंच गया। इसके बाद 18 फरवरी को मौसम ने करवट ले ली और दो दिनों तक रिमझिम बारिश हुई।
इससे तापमान में गिरावट आई। मगर अब दोबारा से तेज धूप निकल रही है। इससे तापमान में तेजी से बढ़ोत्तरी हो रही है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मैदानी इलाकों से आ रही गर्म हवाओं के कारण तापमान बढ़ रहा है। आगामी 3 दिनों में मौसम साफ रहेगा और तेज धूप खिलेगी। इससे तापमान में 1 से दो डिग्री बढ़ोत्तरी होने के आसार हैं।