मुजफ्फरपुर के कुढ़नी थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक महिला की लाश मिली है। गरहुआ चौर स्थित पुल के नीचे से अज्ञात महिला (25) का शव मिला। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि महिला की गला रेतकर हत्या की गई और हत्या के बाद शव को पुल के नीचे फेंक दिया गया। घटना से गुस्साए लोगों ने पुलिस की गाड़ी का शीशा तोड़ दिया है।
सुबह करीब 8 बजे स्थानीय लोगों ने पुल के नीचे शव देख कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कुढ़नी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया। मृतका की शिनाख्त अब तक नहीं हो पाई है। पुलिस महिला की पहचान के लिए आसपास के थानों से भी संपर्क कर रही है।
ग्रामीणों के अनुसार यह घटना देर रात करीब 1:30 से 2 बजे के बीच हुई। आशंका है कि महिला की हत्या घटनास्थल के पास ही की गई और फिर शव को पुल के नीचे फेंका गया।
पुलिस की गाड़ी पर लोगों ने किया हमला
मृतका का शव मिलने के बाद घटनास्थल पर तनाव की स्थिति बन गई। मौके पर पहुंची पुलिस की गाड़ी को उपद्रवियों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। अचानक हुई इस घटना से ग्रामीणों में दहशत फैल गई है।
जिले में बढ़ते अपराध से लोग आक्रोशित
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि महिला की पहचान और हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए हर पहलू से जांच की जा रही है।
ग्रामीण शंकर कुशवाहा ने कहा है कि सुबह में महिला की हत्या कर फेंकने की सूचना मिली। लाश की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। डीएसपी कई थानों की पुलिस के साथ घटना स्थल पर पहुंचे हैं।
जिले में बढ़ते अपराध से लोग आक्रोशित है। घटना स्थल पर जैसे ही पुलिस टीम पहुंची ग्रामीण आक्रोशित हो गए। फिर पुलिस गाड़ी पर पथराव किया। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस इलाके में गश्ति करती, तो शायद घटना नहीं घटती।
पश्चिमी एसडीपीओ अनिमेश चंद्र ज्ञानी घटनास्थल पर पहुंचे है। उन्होंने कहा कि मृतका देखने में शादीशुदा लग रही है और उसकी उम्र करीब 25 साल आंकी जा रही है। मौके से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। शव की शिनाख्त अभी तक नहीं हो पाई है। अपराधियों की पहचान कर जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी। वैज्ञानिक तरीके से जांच की जा रही है। एफएसएल की टीम पर पहुंच रही है”