रन फॉर यूनिटी : फतेहाबाद में 1.5KM दौड़े सीएम सैनी:2 चेयरमैन को CM संग मंच पर नहीं मिली जगह; पंचकूला में आरती राव ने लगाई दौड़

हरियाणा के सीएम नायब सैनी ने शुक्रवार को फतेहाबाद में रन फॉर यूनिटी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने युवाओं के साथ 1.5 किलाेमीटर की दौड़ भी लगाई। इसके साथ-साथ दौड़ में शामिल लोगों पर फूल भी बरसाए।

यह रन फॉर यूनिटी पंचायत भवन से रवाना हुई, जो परशुराम चौक, एमसी कॉलोनी मोड़ चौक, लालबत्ती चौक, रतिया रोड होते हुए एमएम कॉलेज के मैदान में संपन्न हुई। इसमें करीब 20 हजार से अधिक लोगों ने भागीदारी की। प्रशासन की ओर से 76 स्कूलों के 10 हजार से अधिक स्टूडेंट्स बुलाए गए थे। बाकायदा इन स्टूडेंट्स को लाने के लिए रोडवेज विभाग की बसें भेजी गई थी।

साथ ही खेल विभाग के खिलाड़ियों, रेडक्रॉस के स्वयंसेवकों, कॉलेजों के स्टूडेंट्स व आम जन इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया। वहीं, चेयरमैन भारत भूषण मिड्ढा और रविन्द्र बलियाला को सीएम के साथ मंच पर जगह नहीं मिली। वे लोगों के बीच ही खड़े रहे।

उधर, राज्य के अन्य जिलों में भी रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया गया। पंचकूला में स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने रन फॉर यूनिटी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। वे खुद भी युवाओं के साथ दौड़ लगाती नजर आईं। सोनीपत में BJP प्रदेशअध्यक्ष मोहनलाल बडोली, मेयर राजीव जैन और खरखौदा के विधायक पवन ने युवाओं के साथ दौड़ लगाई।

इसके अलावा करनाल में विधायक जगमोहन आनंद, नारनौल में विधायक कंवर सिंह यादव, फरीदाबाद में कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा और हिसार में कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने रन फॉर यूनिटी को हरी झंडी दिखाई।

सीएम सैनी ने सभी को एकता और अखंडता की शपथ दिलाई पंचायत भवन के सामने 12 फुट ऊंचा मंच तैयार किया गया। सुबह करीब साढ़े सात बजे सीएम सैनी इस मंच पर पहुंच गए। उन्होंने अपने संबोधन कहा कि सरदार पटेल के चरणों में नमन करता हूं। कल हरियाणा दिवस की अग्रिम शुभकामना देता हूं। यह दिन सरदार पटेल के दृढ़ संकल्प की याद दिलाता है। उन्होंने एकता के सूत्र में पिरोया। फतेहाबाद के लोगों का जोश उत्साह भरा हुआ है। बच्चे, बुजुर्ग, महिलाओं की उपस्थिति प्रमाण है कि एक भारत का पटेल का सपना हर किसी के दिल में धड़क रहा है। यह दौड़ शारीरिक गतिविधि नहीं है, यह दौड़ एकता और अखंडता को बनाए रखने का संकल्प है। यह हमें ताकत, अनुशासन, सहनशक्ति देती है। पटेल एक व्यक्ति नहीं विचारधारा थे। उन्होंने रियासतों को जोड़ कर अखंड भारत का निर्माण किया। युवा शक्ति को यह संदेश देती है कि देश को अपने मन से सशक्त बनाए। उन्होंने सभी को एकता की शपथ दिलाई।

फतेहाबाद में दो चेयरमैन को सीएम के मंच पर नहीं मिली जगह मंच पर सीएम के साथ पूर्व विधायक दुड़ाराम, बीजेपी जिलाध्यक्ष प्रवीण जोड़ा, पूर्व जिलाध्यक्ष बलदेव ग्रोहा, आईपीएस पंकज नैन, डीसी विवेक भारती, एसपी सिद्धांत जैन को जगह मिली। मगर, हरियाणा सरकार में एग्रो इंडस्ट्रीज के चेयरमैन भारत भूषण मिड्ढा और एससी आयोग के चेयरमैन रविन्द्र बलियाला को मंच से नीचे ही खड़ा होना पड़ा।

E-Paper 2025