अलवर में ट्रक-बस बनाने वाली कंपनी अशोक लीलैंड के प्लांट में आग लग गई। फैक्ट्री के जिस हिस्से में आग लगी वहां 30 से ज्यादा वर्कर काम कर रहे थे।
जानकारी के अनुसार प्लांट के इस एरिया में ट्रक-बसों पर पेंट किया जाता है। आग भड़कने के कुछ मिनटों में ही लोगों को बाहर निकाल दिया गया था।
हादसा शनिवार रात करीब 10.30 बजे मत्स्य इंडिस्ट्रियल एरिया (MIA) में हुआ। करीब एक से डेढ़ घंटे बाद फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पा लिया।
30 लाख से ज्यादा का नुकसान
अलवर के फायर ऑफिसर अमित मीणा ने बताया- प्लांट के जिस हिस्से में आग लगी, उसके पास ही बसों और ट्रकों की कई चेचिस रखी हुई थी।
हालांकि आग इस हिस्से तक नहीं आई। वहीं, अनुमान है कि आग से करीब 30 लाख रुपए का नुकसान हो गया। आग पर एक घंटे में काबू पा लिया गया।
300 मीटर तक दिखाई दीं लपटें
फैक्ट्री कर्मचारियों ने बताया- प्लांट के गेट नंबर दो पर कुछ हिस्से में अचानक आग लगी थी। कुछ मिनटों बाद आग की लपटें 300 मीटर दूर तक से भी दिखाई दे रही थीं। आग के कारणों को लेकर अभी कुछ जानकारी सामने नहीं आई है। जानकारी के अनुसार पेंट शॉप के अलावा फैक्ट्री के दूसरे हिस्से में बड़ी संख्या में वर्कर मौजूद थे।