राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 29 अक्टूबर को अंबाला आएंगी:एयरफोर्स स्टेशन पर कार्यक्रम की तैयारियां शुरू; स्थगन के बाद बदली डेट

हरियाणा के अंबाला में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का दौरा अब 29 अक्टूबर को होगा। पहले यह दौरा 18 अक्टूबर को प्रस्तावित था, जिसे बाद में स्थगित कर दिया गया था। राष्ट्रपति का यह दौरा भारतीय वायुसेना के एक कार्यक्रम के तहत निर्धारित किया गया है, जो अंबाला एयरफोर्स स्टेशन पर आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में राष्ट्रपति मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी।

राष्ट्रपति के कार्यक्रम के स्थगित होने के बाद जिला प्रशासन और वायुसेना के अधिकारियों को कुछ राहत मिली थी, लेकिन अब नई तारीख घोषित होते ही तैयारियों का दौर दोबारा तेज हो गया है। एयरफोर्स स्टेशन के अंदर और बाहर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष प्लान तैयार किया जा रहा है।

राष्ट्रपति के इस दौरे के दौरान भारतीय वायुसेना के एक विशेष समारोह का आयोजन किया जाएगा, जिसमें कई वरिष्ठ सैन्य अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति शामिल होंगे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू कार्यक्रम में वायुसेना अधिकारियों से बातचीत करेंगी और देश की सुरक्षा एवं रक्षा तैयारियों को लेकर जानकारी लेंगी।

सुरक्षा एजेंसियों ने भी अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। राष्ट्रपति के दौरे की तारीख तय होते ही प्रशासन ने सभी विभागों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश जारी कर दिए हैं। अब अंबाला में एक बार फिर तैयारियों की रफ्तार तेज हो गई है, ताकि 29 अक्टूबर को राष्ट्रपति के स्वागत में कोई कमी न रह जाए।

E-Paper 2025