कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा कि फिल्म केरल स्टोरी-2: गोज बियॉन्ड को ज्यादा लोग नहीं देख रहे हैं और यह अच्छी खबर है। उन्होंने कहा कि फिल्मों, टीवी और मीडिया का इस्तेमाल तेजी से प्रोपेगैंडा के रूप में किया जा रहा है।
केरल में इडुक्की के कुट्टिकनम स्थित मैरियन कॉलेज में शुक्रवार को छात्रों से बातचीत के दौरान राहुल गांधी ने यह टिप्पणी की। एक छात्र ने फिल्मों के प्रोपेगैंडा के रूप में इस्तेमाल किए जाने पर सवाल पूछा था।
इस पर गांधी ने कहा- अच्छी खबर यह है कि केरल स्टोरी खोखली लगती है और लोग इसे देखने नहीं जा रहे हैं। इससे यह भी पता चलता है कि बहुत से लोग केरल और उसकी परंपराओं व संस्कृति को ठीक से नहीं समझ पाए हैं।
उन्होंने कहा कि आज फिल्मों, टेलीविजन और मीडिया को तेजी से नफरत फैलाने का हथियार बनाया जा रहा है। इनका इस्तेमाल लोगों को बदनाम करने, उन्हें खत्म करने और समाज में फूट डालने के लिए किया जाता है, ताकि कुछ लोगों को फायदा हो और दूसरों को नुकसान हो।
राहुल की छात्रों से संवाद की 5 बड़ी बातें…
- यूनिवर्सिटी में RSS के लोग- देश की शिक्षा व्यवस्था पर एक खास विचारधारा का दबाव बढ़ रहा है। अगर आप यूनिवर्सिटी के वाइस-चांसलर देखें तो उनमें से कई की नियुक्ति इसलिए हुई है क्योंकि वे आरएसएस या किसी खास विचारधारा से जुड़े हैं। शिक्षा को किसी एक सोच तक सीमित नहीं होना चाहिए।
- AI और डेटा पर चिंता जताई- भारत अभी अमेरिका और चीन के स्तर तक नहीं पहुंचा है। यदि भारत AI के क्षेत्र में मजबूत बनना चाहता है, तो उसे अपने डेटा पर नियंत्रण रखना होगा। अमेरिका को वैश्विक डेटा तक व्यापक पहुंच है, जबकि चीन अपना डेटा खुद नियंत्रित करता है, जिससे AI में उसकी स्थिति मजबूत होती है।
- जंग का दुनिया पर असर- ऊपर से देखने पर वेस्ट एशिया में चल रहा तनाव अमेरिका और इजराइल बनाम ईरान का संघर्ष लगता है, लेकिन बड़े जियोपॉलिटिकल खिलाड़ी अमेरिका, चीन और रूस हैं। मिडिल ईस्ट वैश्विक ऊर्जा उत्पादन का केंद्र है और वहां होने वाले संघर्षों का असर पूरी दुनिया पर पड़ता है।
- शतरंज और मार्शल आर्ट पसंद- मैं ज्यादा फिल्में नहीं देखता। मुझे शतरंज खेलना और मार्शल आर्ट करना पसंद है। फिट रहने के लिए तैरता हूं, दौड़ता हूं और एक्सरसाइज करता हूं।
- केरल को समझने के लिए समय चाहिए- मैंने पांच साल तक केरल के वायनाड का प्रतिनिधित्व किया, लेकिन इसके बावजूद राज्य को पूरी तरह से समझने की प्रक्रिया में हूं। वायनाड में आया भूस्खलन बड़ी त्रासदी थी। इसके बावजूद लोगों ने एक-दूसरे की मदद की, जो केरल के समाज की ताकत को दिखाता है।