अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉलर लियोनल मेसी आज भारत दौरे के आखिरी दिन दिल्ली में रहेंगे। दोपहर 2:30 बजे से वे अरुण जेटली स्टेडियम में आयोजित सम्मान समारोह में हिस्सा लेंगे। हालांकि, पब्लिक के लिए गेट 11.30 सुबह खुल जाएगा।
मेसी आज मुंबई से दिल्ली के लिए चार्टर्ड फ्लाइट से रवाना होंगे। उनका विमान दोपहर करीब 12:30 बजे दिल्ली पहुंचने की उम्मीद है। वहीं, राष्ट्रीय राजधानी में आने से पहले लीला पैलेस होटल में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
मेसी भारत में तीन दिन के ‘GOAT इंडिया’ टूर पर हैं और आज उनके दौरे का अंतिम दिन है।शनिवार को वे कोलकाता और हैदराबाद पहुंचे थे, जबकि रविवार को मुंबई में उन्होंने महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर से मुलाकात की।
मेसी ने छेत्री को जर्सी गिफ्ट की
रविवार को मेसी ने मुंबई में सुआरेज और डी पॉल के साथ पैडल इवेंट में हिस्सा लिया। वानखेड़े स्टेडियम में दोपहर से ही दर्शकों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई। शाम करीब 5.30 बजे भारत के दिग्गज फुटबॉलर सुनील छेत्री वानखड़े स्टेडियम पहुंचे। यहां उन्होंने इंडियन स्टार्स और मित्र स्टार्स टीम के साथ फ्रेंडली मैच खेला। बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ भी मैच खेलते नजर आए। मुकाबला 1-1 से ड्रॉ रहा।
शाम करीब 6 बजे सचिन तेंदुलकर और मेसी वानखेड़े स्टेडियम पहुंचे। मेसी यहां छेत्री से मिले और उन्हें मोमेंटो और जर्सी भी गिफ्ट की। कुछ देर बाद मेसी ने पेनल्टी शूटआउट में हिस्सा लिया। इस दौरान फैंस ने बार्का (मेसी के पिछले क्लब बार्सिलोना) के नारे लगाए।
शूटआउट के बाद मेसी ने मैदान का चक्कर लगाया और दर्शकों में फुटबॉल फेंकी। इस दौरान उन्होंने बच्चों के साथ फुटबॉल भी खेला। आखिर में मेसी ने महाराष्ट्र के CM देवेंद्र फडणवीस, बॉलीवुड एक्टर अजय देवगन और एक्ट्रेस करीना कपूर से भी मुलाकात की। इस दौरान सचिन ने मेसी को अपनी 2011 वनडे वर्ल्ड कप की जर्सी गिफ्ट की।
हैदराबाद में राहुल गांधी से मिले थे
एक दिन पहले मेसी ने हैदराबाद में बच्चों के साथ फुटबॉल खेला था। यहां वे सीएम रेवंत रेड्डी और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से भी मिले थे। उन्होंने कोलकाता में अपने 70 फीट ऊंचे स्टैच्यू का वर्चुअल उद्घाटन भी किया। मेसी के सॉल्ट लेक स्टेडियम से जल्दी निकले से नाराज फैंस ने तोड़फोड़ भी कर दी थी। मेसी के साथ रोड्रिगो डी पॉल और लुईस सुआरेज भी हैं।
15 दिसंबर को पीएम मोदी से मिलेंगे
मेसी यूनाइटेड नेशंस के चाइल्ड ऑर्गनाइजेशन UNICEF के ब्रांड एम्बेसडर हैं, इसके तहत वे भारत में ‘GOAT इंडिया’ टूर कर रहे हैं। मेसी को 4 शहरों का दौरा करना है। इनमें हैदराबाद, मुंबई और नई दिल्ली भी शामिल हैं। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के बाद उनका दौरा खत्म हो जाएगा।