शराब कारोबारियों से रंगदारी मांगने वाले गैंग का खुलासा:नवादा में दो गिरफ्तार, भारी मात्रा में हथियार जब्त

नवादा पुलिस ने शराब कारोबारियों से रंगदारी मांगने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। एसपी अभिनव धीमान के निर्देश पर हुई कार्रवाई में गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से एक देशी कट्टा, एक पिस्टल, एक बंदूक, एक रायफल और 29 जिंदा कारतूस जब्त किए गए हैं। डीएसपी गुलशन कुमार ने सोमवार को एसपी कार्यालय में प्रेस वार्ता कर यह जानकारी दी।

पुलिस को पिछले कुछ दिनों से गोविंदपुर थाना क्षेत्र के पहाड़ी जंगलों में असामाजिक तत्वों द्वारा हथियार के बल पर शराब कारोबारियों से लेवी (रंगदारी) मांगने की सूचना मिल रही थी।

गिरिडीह जिले से दो संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया

इस सूचना के आधार पर वरीय पुलिस अधिकारियों, विशेष कार्य बल और जिला आसूचना इकाई को अलर्ट किया गया। 8 मार्च, 2026 को वरीय पुलिस अधिकारी के निर्देश पर विशेष कार्य बल ने झारखंड के गिरिडीह जिले से दो संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया। उन्हें गोविंदपुर थाना लाकर गहन पूछताछ की गई।

पूछताछ के दौरान, अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे गोविंदपुर और रजौली के पहाड़ी क्षेत्रों में अवैध हथियारों के बल पर शराब कारोबारियों से अवैध वसूली करते थे। उन्होंने यह भी बताया कि हथियार गोविंदपुर थाना क्षेत्र के सुअरलेटी डैम की पहाड़ी में छिपाकर रखे गए थे।

कुल 29 कारतूस बरामद किए गए

उनकी निशानदेही पर विशेष कार्य बल और गोविंदपुर थाना की संयुक्त टीम ने बताए गए स्थान पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान एक देशी कट्टा, एक देशी पिस्टल, एक रायफल, एक दोनाली बंदूक और कुल 29 कारतूस बरामद किए गए।

इस संबंध में गोविंदपुर थाना में कांड संख्या 65/26, दिनांक 8 मार्च, 2026 दर्ज किया गया है।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान पवन कुमार (पिता सुदामा सिंह, निवासी डांटी भागलपुर, थाना सतगावां, जिला कोडरमा, झारखंड) और पंकज यादव (पिता दरोगी यादव, निवासी चिल्काखार, थाना चरका पत्थर, जिला जमुई) के रूप में हुई है।

पवन कुमार का आपराधिक इतिहास सतगावां थाना कांड संख्या 116/21 में दर्ज है, जबकि पंकज यादव के खिलाफ चरकापत्थर थाना कांड संख्या 143/25 दर्ज है।

E-Paper 2025