सिंगर हनी सिंह ने सिक्योरिटी को लेकर शो किया कैंसिल:23 को मोहाली में था अवॉर्ड समारोह; अश्लील गानों को लेकर चल रहा विरोध

पंजाब के मोहाली में 23 अगस्त को हुए अवॉर्ड शो से बॉलीवुड सिंगर हनी सिंह ने आखिरी समय में अपना नाम वापस ले लिया था। अब उसकी वजह सामने आई है। पता चला है कि सिक्योरिटी कारणों के चलते उन्होंने यह कदम उठाया। शो स्थल पर उनके सिक्योरिटी गार्ड को जाने की अनुमति नहीं मिली, जबकि वह अपनी सिक्योरिटी के साथ ही जाना चाहते थे।

वहीं, इस शो में हनी सिंह की परफार्मेंस के खिलाफ आवाज उठाने वाले चंडीगढ़ के प्रोफेसर पंडित धरेनवर का कहना है कि हम सिर्फ यही चाहते हैं कि हनी सिंह पंजाब में परफॉर्म कर हमारी युवा पीढ़ी को खराब न कर पाए। इसमें हमें कामयाबी मिली है, भले ही कारण कोई भी रहा हो। वहीं, उन्होंने ऐलान किया है कि भविष्य में भी पंजाब में हनी सिंह का कोई शो नहीं होने देंगे। इसके लिए वह हर फ्रंट पर लड़ाई लड़ेंगे।

वेन्यू स्थल के गेट से वापस गए

जानकारी के मुताबिक मोहाली में यह एक फिल्म फेयर अवॉर्ड शो था। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार जैसे ही हनी सिंह वहां पहुंचे तो शो के अंदर आयोजकों की तरफ से सुरक्षा इंतजाम थे, जबकि पंजाब पुलिस भी तैनात थी। कई नामी हस्तियां मौजूद थीं। ऐसे में जैसे ही हनी सिंह गेट पर आए तो अपने सिक्योरिटी स्टाफ को अंदर ले जाने की बात कहने लगे। इस पर आयोजकों ने मना कर दिया। काफी देर तक दोनों पक्ष में बातचीत चली, आखिर में हनी सिंह वहां से निकल गए।

सिंगर जस्सी ने भी किया था हनी सिंह के शो का विरोध

शो में भाग लेने वाले सिंगर्स का पता चलने पर सबसे पहले इसका विरोध पंजाबी व बॉलीवुड गायक जसबीर जस्सी ने किया। इसके बाद हनी सिंह का कई लोगों ने विरोध करना शुरू कर दिया। यह पहला मौका था कि समाजसेवकों के अलावा सिंगर भी इसका विरोध कर रहे थे। सिंगर जसबीर सिंह जस्सी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट X पर पोस्ट डालकर कहा था कि जो आदमी पंजाब की नस्लों में नशा घोल देने की बात कहता है, वो पंजाब में शो कैसे कर सकता है।

जस्सी ने ये भी लिखा कि एक आदमी जिसने हमारी नस्लों को नशे में धकेला और शराब तक के ब्रांड याद करवा दिए, उसके शो का हम विरोध करते हैं। उन्होंने लोगों से भी शो का विरोध करने की अपील की। साथ ही सीएम को भी इसमें दखल देने की बात कही थी।

सीएम और डीजीपी को हुई थी शिकायत

इस मामले में प्रोफेसर राव ने पंजाब के डीजीपी को शिकायत दी थी। इसमें कहा गया था कि हनी सिंह के कई गाने शराब, नशे और गन कल्चर को बढ़ावा देते हैं। इतना ही नहीं, महिलाओं को अपमानित करने वाले गाने भी यूट्यूब पर मौजूद हैं। पंजाब महिला आयोग ने अश्लील शब्दावली के इस्तेमाल को लेकर हनी सिंह को नोटिस भेजा रखा है। हनी सिंह आज तक आयोग के सामने पेश नहीं हुए हैं।

वहीं आयोग ने पुलिस से भी इस मामले में रिपोर्ट देने को कहा था। साथ ही यह भी कहा गया था कि अगर वह शो में प्रस्तुति देंगे तो अपने अश्लील और महिलाओं को अपमानित करने वाले गाने नहीं गाएंगे।

E-Paper 2025