सीबीआई डॉक्टरों से करेगी पूछताछ:नीट छात्रा के मां-पिता व सहेली का दर्ज होगा बयान

पटना| नीट छात्रा की मौत के मामले में पॉक्सो एक्ट की धारा सीबीआई ने लगा दी है। अब सीबीआई कोर्ट में छात्रा के मां-पिता और सहेली का बयान दर्ज होगा। छात्रा के परिजन के वकील ने सीबीआई को इन तीनों का बयान दर्ज कराने को कहा है। परिजन के वकील ने सीबीआई के आईआे से छात्रा का मोबाइल समेत जांच किए गए सभी दस्तावेज की मांग की है।

सूत्रों का कहना है कि सीबीआई ने करीब 1 हजार पेज की केस डायरी तैयार कर ली है। सूत्रों के अनुसार, सीबीआई प्रभात अस्पताल के डॉक्टरों आैर सभी मेडिकल स्टाफ से पूछताछ करने की तैयारी में है। जल्द पूछताछ होगी। इससे पहले इसी अस्पताल के एक मेडिकल स्टाफ से करीब 5 घंटे तक पूछताछ कर चुकी है। इस दौरान सीबीआई को उस महिला स्टाफ ने बताया कि जिस वक्त छात्रा अस्पताल आई थी, उसके शरीर पर खरोंच के निशान थे।

23 दिन बाद भी सीबीआई ठोस नतीजे पर नहीं पहुंची

31 जनवरी को बिहार सरकार की सिफारिश के बाद सीबीआई ने चित्रगुप्तनगर थाने में दर्ज इस केस को 12 फरवरी को टेकओवर किया था। साथ ही सीबीआई ने पटना में केस दर्ज किया था। जांच के दौरान सीबीआई तीन बार जहानाबाद पहुंच चुकी है। एक-दो बार छात्रा के परिजन से भी पूछताछ करने गयाजी गई थी। दो बार हॉस्टल भी जा चुकी है। केस टेकआेवर करने के करीब 23 दिन बाद भी सीबीआई किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंची है। एसआईटी ने जहां तक जांच की थी, वहीं पर केंद्रीय एजेंसी भी अटकी हुई है।

E-Paper 2025