सेंसेक्स में 700 अंक की तेजी:ये 85,300 पर कारोबार कर रहा, निफ्टी भी 200 अंक चढ़ा; ऑटो और IT शेयस में बढ़त

शेयर बाजार में आज यानी 26 नवंबर को बढ़त है। सेंसेक्स 700 अंक से ज्यादा की तेजी के साथ 85,300 पर कारोबार कर रहा है। वहीं निफ्टी में भी 200 अंक से ज्यादा की तेजी है, ये 26,100 पर कारोबार कर रहा है। आज ऑटो, मेटल और IT शेयर्स में ज्यादा तेजी है।

एक्सेलसॉफ्ट टेक्नोलॉजीज का शेयर NSE और BSE पर 12.50% ऊपर 135 रुपए पर लिस्ट हुआ। इसका इश्यू प्राइस 120 रुपए था। इसका IPO 19 नवंबर से 21 नवंबर तक ओपन था।

पहली एआई कंपनी के IPO को सेबी की मंजूरी

एंटरप्राइज आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) कंपनी फ्रैक्टल एनालिटिक्स को 4,900 करोड़ रुपए के IPO के लिए सेबी से मंजूरी मिल गई है। यह देश की पहली एआई-केंद्रित लिस्टिंग होगी, जिससे निवेशकों को बढ़ते एआई सेक्टर में हिस्सेदारी का मौका मिलेगा। कंपनी IPO से जुटाई रकम का उपयोग कर्ज चुकाने, नए दफ्तर बनाने और रिसर्च एवं डेवलपमेंट में करेगी।

ग्लोबल मार्केट में तेजी

  • एशियाई बाजार: कोरिया का कोस्पी 1.62% ऊपर 3,920 पर, हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग 0.25% ऊपर 25,958 पर और जापान का निक्केई 1.94% ऊपर 49,605 पर कारोबार कर रहे हैं।
  • अमेरिकी बाजार: 25 नवंबर को डाउ जोन्स 1.43% चढ़कर 47,112 पर बंद हुआ। वहीं, नैस्डेक कंपोजिट में 0.67%और S&P में 0.91% की तेजी रही।

बाजार को घरेलू निवेशक संभाल रहे

25 नवंबर को विदेशी निवेशक (FIIs) ने ₹917 करोड़ के शेयर बेचे। जबकि घरेलू निवेशक (DIIs- हमारे देश के बड़े फंड) ने ₹3,423 करोड़ की खरीदारी की। इस महीने अब तक- FIIs ने ₹17,227 करोड़ के शेयर बेचे हैं। वहीं, DIIs ने ₹62,746 करोड़ के शेयर खरीदे। ऐसे में पता चलता है कि बाजार को घरेलू निवेशकों का ज्यादा सपोर्ट है।

कल बाजार में रही थी गिरावट

इससे पहले कल यानी 25 नवंबर को शेयर बाजार में गिरावट रही थी। सेंसेक्स 314 अंक गिरकर 84,587 पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी में 75 अंक की गिरावट रही थी, ये 25,885 पर बंद हुआ था।

E-Paper 2025