सोनीपत जिले में लेबर ठेकेदार पर लाठी डंडों और लोहे की राड से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। शहर के खिजर मकबरा के पास कुछ युवकों ने रास्ता रोककर लोहे की राड़ और डंडों से हमला कर दिया, जिसमें ठेकेदार का हाथ टूट गया और उसे गंभीर चोटें आई। जहां पुलिस ने शिकायत के आधार पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पानीपत के समालखा के गांव किवाना के रहने वाले अजमेर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह बैकेट हाल में लेबर ठेकेदारी का कार्य करता है। वह मयूर विहार गली नंबर 26, चंदन गार्डन से लेबर लेने के लिए जटवाड़ा सोनीपत जा रहा था। जब वह खिजर मकबरा के पास पहुंचा, तो गांव बड़वासनी निवासी टिंकू, राकी और उनके अन्य साथियों ने उसका रास्ता रोक लिया और झगड़ा शुरू कर दिया।
उसने बताया कि पहले आपसी कहासुनी हुई थी और उसी की रंजिश रखे हुए था।
लोहे की राड़ से वार, बचाव में टूटा हाथ
पीड़ित के अनुसार टिंकू के हाथ में लोहे की रॉड थी। आरोप है कि उसने जान से मारने की नीयत से उस पर वार किया। बचाव में हाथ आगे करने पर राड़ उसके बाएं हाथ पर लगी, जिससे हाथ टूट गया। अन्य आरोपियों ने लकड़ी के बिट्टों और डंडों से हमला किया, जिससे उसे कई चोटें आई। शोर सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए।
भाई ने पहुंचाया अस्पताल
घटना के कुछ समय बाद घायल का भाई अमन मौके पर पहुंचा और उसे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद वह निजी अस्पताल में इलाज करवाता रहा। वहीं पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
पुलिस के अनुसार घायल द्वारा प्रस्तुत कुल तीन चोटों का उल्लेख है। शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने अपराध बनता पाए जाने पर कार्रवाई शुरू की।
पुराना शहर पुलिस चौकी से तहरीर थाना सिविल लाइन भेजी गई, जहां 11 फरवरी 2026 को मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 115, 126, 117(2) सहित अन्य संबंधित धाराओं में पंजीकृत किया गया। मुकदमा ASI नरेंद्र के निरीक्षण में दर्ज किया गया। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।