सोनू गैंग ने अनंत सिंह को फिर दिया चैलेंज:समर्थक को जान से मारने की धमकी दी; कहा- मूंछ पर ताव देने वाला कुछ बिगाड़ लेगा क्या

मोकामा से जदयू विधायक और बाहुबली अनंत सिंह को सोनू गैंग ने फिर चैलेंज किया है। सोनू का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वो एक शख्स को जान से मारने की धमकी दे रहा है।

इस दौरान वो कहता है- ‘अनंत तुमको बचा लेगा क्या?’

सोनू यह भी कहता है- ‘जो मूंछ पर ताव देता है, वो मेरे घर पर आया था। क्या कर लिया वो? उसको तो भगा दिए थे।’ वीडियो में वो नौरंगा गोली कांड में मुखबिरी करनी की भी बात कह रहा है।

4 मिनट के वीडियो में बाढ़ के महेंद्रपुर गांव निवासी शिवरतन कुमार, सोनू पर 38 हजार रुपए बकाया होने का आरोप लगा रहा है। इस आरोप के जवाब में सोनू शिवरतन को भद्दी गालियां देता है और पूछता है कि वह कहां है, ताकि वह वहीं आकर उससे मिल सके।

सोनू वीडियो में शिवरतन से कहता है कि उसने जितना सोना दिया था, उतनी चांदी उसे दे दी गई है और अब केवल हजार से पंद्रह सौ रुपए ही बकाया होंगे। इस पर शिवरतन कहता है कि भागलपुर जाने के दौरान उसने दस बोतल शराब भी दी थी, ऐसे में इतना कम पैसा कैसे बकाया हो सकता है।

सोनू बोला- अनंत सिंह कुछ बिगाड़ लेंगे क्या

वीडियो में शिवरतन को अपनी मूंछों पर ताव देते हुए देखा जा सकता है, जिस पर सोनू उसे गालियां देते हुए मूंछों से हाथ हटाने को कहता है।

सोनू शिवरतन को जान से मारने की धमकी देता है और कहता है- ‘जो तुम्हारा मुंछ वाला है, उसे भी हम भगा दिए, तुमको काटने पर हड्डियां भी नहीं मिलेंगी।’

सोनू आगे धमकी देता है- जो उससे गद्दारी करता है, उसका नाम लिस्ट में लिखा रहता है।’

वह शिवरतन को चेतावनी देता है कि अगर इस बार वह मिला तो जान से नहीं मारेगा, लेकिन उसके दोनों हाथ-पैर तोड़ देगा।

सोनू यह भी कहता है- ‘शिवरतन ने उसके घर में रहकर अनंत सिंह को यह जानकारी दी थी कि सोनू घर पर में अकेले है। वो लोग आए थे क्या हो गया। अनंत सिंह कुछ बिगाड़ लेंगे, सभी जानते हैं कि किसे भागना पड़ा।’

बताया जाता है कि शिवरतन पहले सोनू गैंग के साथ था, लेकिन अब वो अनंत सिंह के लोगों के साथ रहता है।

अब जानिए क्या है नौरंगा गोलीकांड

22 जनवरी 2025 की शाम अनंत सिंह के समर्थकों और गैंगस्टर सोनू-मोनू के बीच 100 राउंड फायरिंग हुई थी। ग्रामीणों की माने तो शाम साढ़े 4 बजे अनंत सिंह पहुंचे थे, जिसके बाद गोलियां चलीं।

अनंत सिंह का कहना था, ‘सोनू-मोनू से उनके आदमी बात करने गए तो उन्होंने फायरिंग की।’ हालांकि उस गांव वालों ने यह भी कहा था कि अनंत सिंह खुद भी फायरिंग कर रहे थे।

आखिर किस विवाद को लेकर हुई थी फायरिंग वो समझिए

अनंत सिंह ने बताया, ‘ईंट-भट्‌ठे पर 14 हजार की सैलरी पर काम करने वाले मुंशी मुकेश कुमार के पास सोनू-मोनू बकाया पैसा मांगने पहुंचे थे। इसी दौरान दोनों ने मुंशी के साथ मारपीट की और उसे घर से बाहर करके ताला लगा दिया था।’

अनंत सिंह पंचायती कराने गए थे। इस दौरान अनंत सिंह के समर्थकों ने सोनू-मोनू से कहा, ‘मुकेश के घर का ताला खोल दो, लेकिन वे नहीं माने।’

इसके बाद अनंत सिंह अगले दिन अपने समर्थकों के साथ फिर से नौरंगा गांव में विवाद सुलझाने पहुंचे। तभी फायरिंग हुई।

अब जानिए कौन हैं अनंत सिंह

अनंत सिंह मोकामा से 5वीं बार विधायक बने हैं। वो इस बार जदयू की टिकट पर विधानसभा पहुंचे हैं। मोकामा को अनंत सिंह का गढ़ कहा जाता है। फिलहाल अनंत सिंह दुलारचंद हत्याकांड में बेऊर जेल में बंद हैं। बिहार विधानसभा चुनाव के वक्त दुलारचंद की हत्या हुई थी। इस मामले में अनंत सिंह को पुलिस ने अरेस्ट किया था।

E-Paper 2025