हरियाणा के सीएम सैनी बिहार पहुंचे:नीतीश को बधाई दी; बोले- आपने नॉन स्टॉप सरकार बनाई, जिन 8 सीटों पर प्रचार किया, सभी जीती

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बिहार पहुंच गए हैं। वह वहां आज होने वाले नई नीतीश कुमार की नई सरकार के शपथ ग्रहण में शामिल होने के लिए आए हैं। सीएम सैनी चंडीगढ़ एयरपोर्ट से सुबह 9.10 मिनट पर इंडिगो की फ्लाइट से रवाना हुए हैं। सीएम कार्यक्रम में करीब डेढ़ बजे तक रहेंगे। शाम 4 बजे उनकी चंडीगढ़ वापसी होगी।

बिहार पहुंचकर सीएम नायब सैनी ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बधाई दी है। इस दौरान सीएम ने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार के नेतृत्व में फिर से नॉन स्टॉप बनी बिहार सरकार को बधाई। बिहार की जनता का प्रचंड बहुमत देने के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आभार जताया।

बिहार विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान सीएम नायब सैनी ने 8 विधानसभा सीटों पर रैली और जनसभाएं की थीं, जिसमें से सभी सीटों पर गठबंधन के प्रत्याशियों को जीत मिली थी।

4 नवंबर को गया से प्रचार की शुरुआत की

बिहार के गया के वजीरगंज से भाजपा के बीरेंद्र सिंह जीते, यहां नायब ने 4 नवंबर को जनसभा की थी। यहां भाजपा ने कांग्रेस के अवधेश कुमार सिंह को हराया। नायब ने 29 अक्टूबर को भोजपुर की तरारी विधानसभा सीट पर रैली की थी। यहां से भाजपा के विशाल प्रशांत जीते। पूर्वी चंपारण की रामनगर सीट पर भाजपा के नंदकिशोर राम ने राजद के सुबोध कुमार को हराया। यहां नायब ने 9 नवंबर को प्रचार किया था। औरंगाबाद की गोवा सीट पर भाजपा के डॉ. रणविजय कुमार ने राजद के अमरेंद्र कुमार को हरया।

गया की गुरुआ सीट पर भाजपा के उपेंद्र प्रसाद ने राजद के विनय कुमार को हराया। रोहतास की डेहरी सीट पर भाजपा गठबंधन के राजीव रंजन सिंह ने राजद के गुड्डू कुमार चंद्रवंशी को हराया। पश्चिमी चंपारण की बगहा सीट पर भाजपा के राम सिंह ने कांग्रेस के जयेश मंगलम सिंह को और भोजपुर की आरा सीट पर भाजपा के संजय सिंह टाइगर ने क्यामुद्दीन अंसारी को हराया।

1. वोटिंग के लिए सवेतन छुट्टी दी

नायब के नेतृत्व में भाजपा ने हरियाणा में बिहार वोटरों को लुभाने को काफी काम किया था। छठ पूजा पर बड़े पैमाने पर कदम उठाए गए थे। सरकार ने बिहार वोटर्स को वोटिंग के लिए वेतन सहित छुट्‌टी देने को उद्योगपतियों से आग्रह किया था।

2. प्रवासियों के लिए स्पेशल ट्रेन चलाई

हरियाणा भाजपा की एक टीम जहां बिहार में मोर्चा संभाले हुए थी, वहीं एक टीम ने हरियाणा में बिहारी मूल के मतदाताओं के साथ लगातार जनसंपर्क किया। हरियाणा से बिहार में वोट डालने के लिए मतदाताओं को प्रोत्साहित करके स्पेशल ट्रेनों से बिहार भेजा गया।

पानीपत, सोनीपत और गुरुग्राम आदि शहरों में बिहारी मतदाताओं को उनके मूल क्षेत्रों में रवाना करने के बाद बाकायदा कार्यक्रमों का आयोजन करके इस बात का एहसास दिलाया गया कि वह भले ही अपने घर से दूर हैं, लेकिन लोकतंत्र के इस पर्व में उन्हें भागीदार बनाने के लिए भाजपा के प्रत्येक नेता और कार्यकर्ता एकजुट है।

वीडियो में सीएम ने कहा था- मैं बिहारी हूं

सीएम नायब सैनी ने बिहार में चुनाव प्रचार के दौरान लोगों से सीधा संवाद करते हुए उन्हें बताया कि हरियाणा सरकार न केवल प्रवासियों की सुविधा के लिए काम कर रही है, बल्कि प्रवासी के पर्व भी अब सरकार द्वारा मनाए जा रहे हैं।

छठ पूजा का उदाहरण देते हुए सीएम ने एक जनसभा में कहा कि अब तो उन्हें भी लगने लगा है कि वह भी बिहारी हैं। सीएम की इस बात को बिहार की जनता ने जहां सहर्ष स्वीकार किया वहीं हरियाणा में विपक्ष ने मुद्दा बनाने का प्रयास किया, लेकिन विफल हो गया।

E-Paper 2025