हरियाणा राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोट में नाम आने के बाद हथीन विधायक मोहम्मद इसराइल की सुरक्षा अचानक बढ़ा दी गई है। हरियाणा पुलिस ने उनकी सुरक्षा में पुलिस के 6 जवान तैनात किए हैं।पायलट गाड़ी में उनके साथ 4 सुरक्षाकर्मी रहेंगे, जबकि 2 सुरक्षाकर्मी उनके हथीन स्थित आवास पर तैनात किए गए हैं।
हांलाकि सरकार की ओर से उन्हें 2 PSO पहले से ही मिले हैं। वहीं सोमवार को फरीदाबाद में उनके आवास पर जिले के कई अधिकारी भी ईद पर पहुंचे थे।
उधर, उनके बेटे नाजिम चौधरी ने एक चैनल को दिए इंटरव्यू में पिता के साथ रिश्ता तोड़ने की बात कही।
नाजिम ने कहा…
DC और SP पहुंचे विधायक के घर
ईद के मौके पर डीसी हरीश कुमार वशिष्ठ और एसपी वरुण सिंगला विधायक इसराइल के हथीन स्थित आवास पर पहुंचे। यहां उन्होंने विधायक को ईद की बधाई दी। हांलाकि इस दौरान विधायक के साथ 6 पुलिसकर्मी तैनात रहे। चर्चा है कि अधिकारी विधायक से सिक्योरिटी को लेकर बातचीत करने आए थे। इस दौरान अधिकारियों ने उन्हें बुके भी भेंट की।
- परिवार की साख पर दाग लगा: नाजिम ने एक इंटरव्यू में कहा कि उनका परिवार हरियाणा की राजनीति में सालों से सक्रिय है। अब राजनीति में घर की पांचवीं पीढ़ी चल रही है, लेकिन आजतक कोई दाग नहीं लगा। पिता के इस कदम से पूरा परिवार आहत है। पिता से रिश्ता तोड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा- समाज और कांग्रेस विचारधारा के लिए यह फैसला लिया है। मेरा घर भले ही टूट गया हो, लेकिन मेरे घर से कोई राहुल गांधी को नहीं हरा सकता, मैं कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी के साथ हूं।
- अलग घर बनाकर रहूंगा: नाजिम ने आगे कहा कि पिता से रिश्ता नहीं रखूंगा, उनकी दौलत शोहरत ठुकरा रहा हूं। अब उनके घर में नहीं रहूंगा, अलग घर बनाकर रहूंगा और सिर्फ मां से मिलने एकबार घर जाऊंगा। क्रॉस वोटिंग उन्होंने कहा कि लोग इसके पीछे पैसे, मंत्री पद और परिसीमन के लाभ जैसी चर्चाएं कर रहे हैं। क्रॉस वोट का सच सामने आने के बाद से उनकी पिता से बातचीत बंद है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरी साजिश में उनके चाचा DSP एमएस खान की बड़ी भूमिका है, इसलिए उन्होंने उनसे भी नाता तोड़ लिय।
- पिता पर भी एक्शन होना चाहिए: नाजिम ने कहा, जिन 4 विधायकों के वोट रद्द हुए है, उनके नाम भी सामने आने चाहिए। विधायकों को वोट डालने की पूरी जानकारी होती है। इस तरह की गलतियां जान बूझकर की जाती है। नाम सामने आने के बाद इन विधायकों के खिलाफ एक्शन होना चाहिए। मेरे पिता के खिलाफ भी एक्शन होना चाहिए। कांग्रेस किसी की मोहताज नहीं है। अगर इनके खिलाफ एक्शन हो जाएगा तो पार्टी के पास हर जगह विकल्प मौजूद है।
2027 परिसीमन बना बड़ी वजह
राजनीतिक सूत्रों के मुताबिक, क्रॉस वोटिंग के पीछे 2027 में होने वाला विधानसभा परिसीमन एक बड़ा कारण माना जा रहा है। इसके अलावा इसराइल चौधरी की हुड्डा गुट से बढ़ती दूरी को भी अहम वजह बताया जा रहा है।
यूथ कांग्रेस में सक्रिय हैं नाजिम
नाजिम चौधरी वर्तमान में यूथ कांग्रेस में सचिव पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने एमए पॉलिटिकल साइंस की पढ़ाई पूरी की है। खुद को राहुल गांधी की विचारधारा से प्रभावित बताते हैं। नाजिम ने साफ कहा कि वे कांग्रेस के साथ ही जुड़े रहेंगे और पार्टी के लिए काम करते रहेंगे।
इजराइल को कारण बताओ नोटिस जारी हुआ
क्रॉस वोटिंग में नाम आने के बाद मोहम्मद इजराइल ने कहा था- मैंने ‘अंतरात्मा की आवाज़’ पर वोट दिया और इस मुद्दे पर वे ईद के बाद कार्यकर्ताओं से सलाह-मशविरा करके अपना पक्ष रखेंगे। उन्होंने अपने ऊपर लगे आरोपों को झूठा बताते हुए पार्टी के कुछ नेताओं की कार्यशैली पर नाराजगी भी जाहिर की थी। इसके बाद कांग्रेस हाईकमान ने 20 मार्च को क्रॉस वोट करने वाले विधायकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था।