हिमाचल प्रदेश में सुबह-शाम और रात के वक्त ठंड का एहसास होने लगा है। प्रदेश के चार शहरों का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से कम और 13 शहरों में 10 डिग्री से नीचे लुढ़क चुका है। केलांग का न्यूनतम तापमान माइनस 0.2 डिग्री सेल्सियस रह गया है।
बीते 48 घंटे में प्रदेश का औसत न्यूनतम तापमान 2.1 डिग्री कम हुआ है। शिमला का न्यूनतम तापमान इस सीजन में पहली बार 9.4 डिग्री तक गिरा है। कल्पा का तापमान 3.8 डिग्री, कुकुमसेरी का 0.2 डिग्री और ताबो का न्यूनतम तापमान 0.8 डिग्री सेल्सियस तक गिर चुका है।
वहीं नारकंडा का न्यूनतम तापमान 6 डिग्री, मनाली का 5.4 डिग्री, कुफरी का 7.1 डिग्री और रिकांगपियो का 6.6 डिग्री रह गया है।
मौसम अगले 6 दिन साफ रहेगा
मौसम विभाग की माने तो पहाड़ों पर अगले छह दिन मौसम पूरी तरह साफ रहेगा। इस दौरान बारिश व बर्फबारी के कोई आसार नहीं है। इससे दिन का तापमान सामान्य बना रहेगा, जबकि रात के तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है। खासकर ऊंचे क्षेत्रों के तापमान में हल्की गिरावट आएगी।
कुकुमसेरी के तापमान में 3.7 डिग्री की गिरावट
प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान भी बीते 24 घंटे में 1.3 डिग्री कम हुआ है। बीते 24 घंटे में कुकुमसैरी के तापमान में सबसे ज्यादा 3.7 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। इसके बाद कुकुमसेरी का अधिकतम तापमान 16.6 डिग्री रह गया है।