हरियाणा विधानसभा के घेराव के लिए चंडीगढ़ कूच करने से पहले ही पुलिस ने कांग्रेस नेताओं को घर से उठा लिया है। सुबह 5 बजे से लगातार पुलिस की टीमें कांग्रेस नेताओं के घर दबिश दे रही है। पुलिस ने कांग्रेस नेताओं की गाड़ियां जब्त कर ली और ड्राइवरों तक को थाने में बैठा लिया है।
पुलिस ने कांग्रेस नेताओं को घर और थानों में नजरबंद कर दिया है। अब तक मिली सूचना के अनुसार पुलिस ने हिसार, सिरसा अंबाला, यमुनानगर, पानीपत, फरीदाबाद में यह कार्रवाई की है। इसको लेकर कांग्रेस के राज्यसभा सांसद रणदीप सुरजेवाला ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट की है। सुरजेवाला ने मुख्यमंत्री नायब सैनी पर निशाना साधते हुए कहा है कि “तानाशाही का आलम यह है कि श्रीमान नायब सैनी ने लगभग सब जिलों में पुलिस भेज कर कांग्रेस के साथियों को हाउस अरेस्ट कर रखा है”।
बता दें कि हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा मनरेगा बचाओ संग्राम अभियान के तहत आज 25 फरवरी 2026 को चंडीगढ़ में प्रस्तावित विधानसभा घेराव कार्यक्रम में हिसार से कांग्रेस नेताओं को शामिल होना था।
हिसार में कांग्रेस जिलाध्यक्ष समेत 3 नेता नजरबंद
हिसार पुलिस ने कांग्रेस नेताओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार सुबह करीब 5 बजे पुलिस ने कांग्रेस के ग्रामीण जिलाध्यक्ष सहित तीन वरिष्ठ नेताओं को उनके आवास से हिरासत में ले लिया। पुलिस की इस “प्री-एम्प्टिव” स्ट्राइक (निवारक कार्रवाई) से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी रोष है।
हिसार में हिरासत में लिए गए कांग्रेस नेताओं में भूपेंद्र गंगवा, एआईआईसीसी सदस्य राजेंद्र संदलाना शामिल हैं। पुलिस ने इनके ड्राइवरों को भी हिरासत में ले लिया है। सुबह 5 बजे हिसार पुलिस तीनों नेताओं के घर पहुंची और इनको कस्टडी में ले लिया।
सुबह 5 बजे पुलिस पहुंची
आज सुबह करीब 5 बजे ही पुलिस प्रशासन ने जिला कांग्रेस कमेटी हिसार के नेताओं के घरों पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया। विशेष रूप से जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) अध्यक्ष बृज लाल बहबलपुरिया के निवास स्थान पर 2 से 3 पुलिस गाड़ियां और दर्जनों पुलिसकर्मी पहुंच गए और उन्हें उनके घर पर ही रोकने का प्रयास किया गया, ताकि वे चंडीगढ़ जाकर विधानसभा घेराव कार्यक्रम में शामिल न हो सकें।
सरकार की दमनकारी नीति उजागर : बृजलाल
कांग्रेस ग्रामीण जिलाध्यक्ष बृजलाल बहबलपुरिया ने कहा कि सरकार शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक विरोध से इतनी भयभीत हो चुकी है कि सुबह अंधेरे में ही कांग्रेस नेताओं को नजरबंद करने जैसी कार्रवाई कर रही है। यह लोकतंत्र की हत्या है और जनता की आवाज को दबाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी मजदूर, किसान और गरीब वर्ग की सच्ची आवाज है। पुलिस बल भेजकर हमें रोका जा सकता है, लेकिन हमारी आवाज को दबाया नहीं जा सकता।