लखनऊ विश्वविद्यालय के मुख्य परिसर स्थित लाल बारादरी के पास फेंसिंग काम के दौरान हुए हंगामे के मामले में अब विश्वविद्यालय की कुलसचिव डॉ. भावना मिश्रा ने थाना हसनगंज में एफआईआर दर्ज करवाई है। उन्होंने अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया है।
फेंसिंग के दौरान हुआ था हंगामा
बताया गया कि 22 फरवरी को लाल बारादरी के चारों ओर फेंसिंग का काम कराया जा रहा था। इसी दौरान कुछ छात्र-छात्राएं और बाहरी अराजक तत्व मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि उन्होंने काम में बाधा डाली, तोड़फोड़ की और परिसर में अव्यवस्था फैलाई। प्रशासन का यह भी कहना है कि लाल बारादरी के पास सार्वजनिक स्थल पर नमाज अदा की गई और इफ्तार किया गया, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई।
पहले ही जताई थी आशंका
कुलसचिव ने एक दिन पहले ही पुलिस को पत्र लिखकर फेंसिंग कार्य के दौरान किसी अप्रिय घटना की आशंका जताई थी और सुरक्षा व्यवस्था की मांग की थी। घटना के बाद उन्होंने सीधे एफआईआर दर्ज कराते हुए उपद्रव में शामिल लोगों को चिन्हित कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिसर में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।