राज्य में कक्षा 9वीं और 11वीं की समान परीक्षा 7 मार्च से 19 मार्च तक होगी। 9वीं 11वीं समान परीक्षा 7 मार्च से शुरू होने जा रही है और राज्यभर में बोर्ड पैटर्न पर प्रश्नपत्र सुरक्षा के सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। माध्यमिक शिक्षा निदेशालय ने सभी जिलों को एक समान प्रश्नपत्र, समान समय विभाजन और कड़ी गोपनीयता के साथ परीक्षा कराने के आदेश दिए हैं।
28 फरवरी 2026 से प्रश्नपत्रों का वितरण जिला मुख्यालय स्तर पर शुरू हो चुका है और सुरक्षा के लिए प्रशासन और पुलिस को भी दिशा निर्देश दिए गए हैं।
एक समान प्रश्नपत्र और समय विभाजन
निदेशालय के आदेश के अनुसार इस बार पूरी परीक्षा बोर्ड पैटर्न पर होगी। प्रदेश के सभी राजकीय और निजी स्कूलों के साथ परीक्षा केंद्रों पर एक ही प्रश्नपत्र और एक ही समय विभाजन लागू रहेगा।
इस व्यवस्था का मकसद सभी स्टूडेंट्स के लिए समान प्रणाली लागू करना है।
28 फरवरी से प्रश्नपत्रों का हस्तांतरण
माध्यमिक शिक्षा निदेशक सीताराम जाट ने बताया कि 28 फरवरी 2026 से जिला मुख्यालय के तय राजकीय कार्यालय या स्कूल में जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक शिक्षा या अधिकृत प्रभारी को गोपनीय फर्म के प्रतिनिधि द्वारा प्रश्नपत्रों के पैकेट और बॉक्स सौंपे जा चुके हैं।
जिला और ब्लॉक स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था
जिला और ब्लॉक स्तर के संग्रहण और वितरण केंद्रों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
संबंधित पीईईओ, यूसीईईओ, प्रधानाचार्य, संस्थाप्रधान और केंद्राधीक्षक के माध्यम से प्रश्नपत्रों को पुलिस थानों और एकल परीक्षा केंद्रों तक सुरक्षा के साथ समय पर पहुंचाया जाएगा।
कलेक्टर और एसपी को दिए निर्देश
निदेशक की ओर से सभी जिला कलेक्टर, जिला पुलिस अधीक्षक और पुलिस आयुक्त को परीक्षा से जुड़े दिशा निर्देश और टाइम टेबल उपलब्ध कराने को कहा गया है।
साथ ही परीक्षा के सफल और सुव्यवस्थित संचालन के लिए पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं।