लखनऊ में होली के लिए सरकारी अस्पतालों को अलर्ट किया गया हैं। इमरजेंसी से निपटने के लिए अस्पतालों में 190 बेड आरक्षित किए गए हैं। इमरजेंसी में दवाओं की उपलब्धता के साथ ही डॉक्टरों की ड्यूटी भी तय की गई है। वहीं, मंगलवार को सरकारी अस्पतालों में OPD दोपहर 12 बजे (हॉफ-डे) तक चलेगी, जबकि बुधवार को पूरी तरह से बंद रहेगी। सिर्फ इमरजेंसी में मरीजों को इलाज मिलेगा। वहीं, KGMU में आज सामान्य दिनों की तरह OPD चलेगी।
यहां रिजर्व हुए बेड
बलरामपुर अस्पताल में 50 बेड रिजर्व हैं। सीएमएस डॉ.हिमांशु चतुर्वेदी ने बताया कि पर्याप्त दवाओं का इंतजाम भी किया गया है। इमरजेंसी में मरीजों की पैथोलॉजी व रेडियोलॉजी जांच की सुविधाएं मुहैया कराई जा रही हैं। लोकबंधु अस्पताल में 20 बेड आरक्षित किए गए हैं। चिकित्सा अधीक्षक डॉ.अजय शंकर त्रिपाठी ने बताया कि रोस्टर के हिसाब से डॉक्टरों की इमरजेंसी ड्यूटी लगाई गई है, जिसमें त्वचा, हड्डी, जनरल सर्जरी और मेडिसिन के डॉक्टरों की ऑन कॉल ड्यूटी लगाई गई है।
BKT स्थित राम सागर मिश्र हॉस्पिटल में 30 बेड आरक्षित हैं। सीएमएस डॉ. वीके शर्मा ने बताया कि मेडिसिन, जनरल सर्जरी, नेत्र व हड्डी रोग विशेषज्ञ की ड्यूटी लगाई गई है। ठाकुरगंज स्थित संयुक्त चिकित्सालय में 10, सिविल अस्पताल में 30, KGMU में 30 और लोहिया संस्थान में 20 बेड आरक्षित किए गए हैं।
इमरजेंसी में मदद के लिए डायल करें 108 व 102
होली के दौरान 108 व 102 एंबुलेंस सेवाएं 24 घंटे हाई अलर्ट पर रहेंगी। एंबुलेंस का संचालन करने वाली ईएमआरआई ग्रीन हेल्थ सर्विसेज के प्रेसिडेंट टीवीएसके रेड्डी ने बताया कि होली के दिन 108 एंबुलेंस चिह्नित स्थानों, दुर्घटना बहुल क्षेत्रों व थानों के पास मौजूद रहेगी। गर्भवती महिलाओं व दो साल तक बच्चों को भी सेवाएं दी जाएंगी। प्रदेश में 108 सेवा की 2,200 और 102 सेवा की कुल 2,270 एंबुलेंस संचालित हैं।
सामान्य दिनों की तरह OPD का संचालन
KGMU के प्रवक्ता डॉ. केके सिंह ने बताया कि पहले से जिन मरीजों के ऑपरेशन और जांच की तारीख मिली है, उन्हें इलाज मुहैया कराया जाएगा। KGMU प्रवक्ता डॉ. केके सिंह ने बताया कि मरीजों के हितों को ध्यान में रखते हुए मंगलवार को OPD का संचालन सामान्य दिनों की तरह होगा। ऑपरेशन के साथ पैथोलॉजी व रेडियोलॉजी की जांच भी होगी। मेडिकल की कक्षाएं बंद रहेंगी। बुधवार को अवकाश रहेगा। लोहिया संस्थान और पीजीआई में मंगलवार को पुराने मरीजों को ओपीडी में देखा जाएगा। पहले से तय ऑपरेशन और जांच भी होंगे।
लोहिया के प्रवक्ता डॉ. भुवन चंद्र तिवारी ने बताया कि इमरजेंसी सेवाएं 24 घंटे संचालित होंगी। इसमें किसी भी तरह का बदलाव नहीं किया गया है। बलरामपुर, सिविल, लोकबंधु, राम सागर मिश्र, लोकबंधु, डफरिन, झलकारी बाई समेत दूसरे सरकारी अस्पतालों में मंगलवार को हॉफ-डे OPD होगी।