मंदिर के पूर्व पुजारी ने चुराई थी 50-लाख की चांदी:लग्जरी लाइफ और कार खरीदने के लिए की थी वारदात, दो गिरफ्तार

नागौर पुलिस ने मारवाड़ मूंडवा के वेंकटेश मंदिर में हुई 20 किलो चांदी की चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मंदिर के पूर्व पुजारी ने लग्जरी लाइफस्टाइल के लिए अपने साथी के साथ वारदात को अंजाम दिया था। वारदात 16 फरवरी की रात हुई थी।

आरोपियों को गिरफ्तार कर लाने के बाद मंदिर प्रशासन और ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों का माला पहनाकर सम्मान किया।

70 मिनट में वारदात को अंजाम दिया था

नागौर एसपी मृदुल कच्छावा ने बताया- मामले में मध्यप्रदेश के कटनी निवासी मंदिर के पूर्व पुजारी हर्षकुमार द्विवेदी (37) और उसके पड़ोसी राहुल रजक (19) को गिरफ्तार किया है। हर्षकुमार दिसंबर 2025 में 15 दिन के लिए मंदिर का पुजारी बनाया गया था, लेकिन बाद में उसे हटा दिया गया।

पुजारी पद से हटाए जाने से हर्षकुमार नाराज था। उसने अपने पड़ोसी राहुल को मंदिर में रखी चांदी के बारे में बताया। दोनों ने लग्जरी लाइफ और गाड़ी खरीदने के लिए वारदात की योजना बनाई। दोनों आरोपी 16 फरवरी को ट्रेन से मारवाड़ मूंडवा पहुंचे। इसी दिन दोनों ने 70 मिनट में वारदात को अंजाम दिया।

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने 7 राज्यों में 9 हजार किलोमीटर तक आरोपियों को पीछा किया। पुलिस ने करीब 1500 सीसीटीवी खंगाले। 50 बस स्टैंड, 13 रेलवे स्टेशन, तीन एयरपोर्ट पर चोरों की तलाश की गई।

पिकअप ट्रेस होने से पकड़ में आए चोर

जिस रास्ते से चोर मंदिर में चोरी के लिए आए थे। उस गली के सीसीटीवी की जांच की। इस दौरान एक पिकअप ट्रेस हुई। पिकअप में बैठकर कुचेरा तक गए। पिकअप की तलाश कर ड्राइवर से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि 400 रुपए के किराए के लालत में उसने आरोपियों को कुचेरा छोड़ा था।

यहां से चोर बस से अजमेर चले गए। इधर, मूंडवा थानाधिकारी ने मंदिर में पुजारी रह चुके पुराने पुजारियों की मोबाइल लोकेशन और कॉल डिटेल ट्रेस करवाई थी, उनमें से एक लोकेशन हर्ष द्विवेदी की आ गई, जिससे पुलिस को पूरा शक हो गया। पुलिस जब आरोपी को ट्रेस करते-करते कटनी पहुंची, तब तक वह निकल चुका था, लेकिन उसका साथी कटनी में ही था। पुलिस ने भेष बदलकर सर्वेयर बनकर इनके घरों में पूछताछ की। पुलिस ने राहुल रजक को उसके घर पर पहचान लिया। लेकिन मुख्य आरोपी को पकड़ने के लिए उसे अंदेशा नहीं होने दिया।

कटनी पुलिस पहले से कर रही थी तलाश

हर्ष पर कटनी थाने में मारपीट का मामला पहले से दर्ज था। कटनी पुलिस उसकी पहले से तलाश कर रही थी। वारदात के बाद हर्ष वापस कटनी पहुंचा। हर्ष अपना मोबाइल अपने जीजा को और सिम दूसरी बहन को देकर वहां से निकल गया। पुलिस ने परिवार और रिश्तेदारों के फोन ट्रेस करना शुरू किया। और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

E-Paper 2025