शेयर बाजार में आज यानी 10 मार्च को तेजी है। सेंसेक्स 500 अंक से ज्यादा की तेजी के साथ 78,100 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। वहीं निफ्टी में भी करीब 200 अंक की तेजी है, ये 24,200 पर कारोबार कर रहा है। आज बैंकिंग, ऑटो और FMCG शेयर्स में ज्यादा बढ़त है।
कच्चा तेल 89 डॉलर पर आया
ग्लोबल मार्केट में कच्चे तेल की कीमतों में आज यानी मंगलवार को 10 मार्च बड़ी गिरावट देखने को मिली हैं। एशिया में शुरुआती कारोबार के दौरान ब्रेंट क्रूड की कीमतें करीब 8.5% गिरकर 92.50 डॉलर प्रति बैरल पर आ गईं। इससे पहले कल ये 115 डॉलर के पास चला गया था।
वहीं अमेरिकी तेल (WTI) भी करीब 9% टूटकर 88.60 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर आ गया है। तेल की कीमतों में यह कमी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के उस बयान के बाद आई है, जिसमें उन्होंने जंग जल्द खत्म होने की बात कही थी।
एशियाई बाजारों में तेजी
- साउथ कोरिया का कोस्पी इंडेक्स 5.10% चढ़कर 5,518 पर कारोबार कर रहा।
- जापान का निक्केई 1,670 अंक या 3.20% चढ़कर 54,399 पर कारोबार कर रहा।
- हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग इंडेक्स 325 अंक या 1.28% चढ़कर 25,731 पर कारोबार कर रहा।
- चीन का शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 13.01 अंक या 0.32% नीचे 4,109 पर कारोबार कर रहा।
अमेरिकी बाजार में 9 मार्च को गिरावट रही
- डाउ जोन्स 239 अंक (0.50%) गिरकर 47,740 के स्तर पर बंद हुआ।
- टेक बेस्ड इंडेक्स नैस्डैक कंपोजिट 1.38% गिरकर 22,695 पर बंद हुआ।
- S&P 500 इंडेक्स 55 अंक (0.83%) गिरकर 6,795 पर बंद हुआ।
ट्रम्प बोले- जल्द खत्म होगा युद्ध
कच्चे तेल की कीमतों में आई ये गिरावट और बाजार में तेजी की मुख्य वजह डोनाल्ड ट्रम्प का ताजा बयान माना जा रहा है। सोमवार को ट्रम्प ने कहा था कि मौजूदा युद्ध ‘बहुत जल्द’ खत्म हो जाएगा। उनके इस बयान से ग्लोबल सप्लाई चेन को लेकर जो अनिश्चितता बनी हुई थी, उसमें कमी आई है और निवेशकों का भरोसा बढ़ा है। हालांकि, मौजूदा कीमतें अब भी युद्ध शुरू होने से पहले के स्तर के मुकाबले करीब 30% ज्यादा बनी हुई हैं।
चांदी 8000 हजार और सोना 1500 रुपए महंगा
सोने और चांदी के दामों में आज बढ़त है। वायदा बाजार यानी MCX पर 10 ग्राम 24 कैरेट सोना 1,500 रुपए बढ़कर 1.62 लाख रुपए पर पहुंच गया है। वहीं एक किलो चांदी 8000 रुपए बढ़कर 2.75 लाख रुपए पर कारोबार कर रही है।