आज से अमृतसर में मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के विशेष-कैंप:57 जगह मुफ्त बनेंगे कार्ड; आधार व परिवार के दो सदस्य की उपस्थिति जरूरी

आज यानी 17 मार्च 2026 से पंजाब सरकार द्वारा मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के तहत स्वास्थ्य कार्ड बनाने के लिए विशेष सेवा कैंप शुरू किए जा रहे हैं। इस संबंध में अमृतसर के डिप्टी कमिश्नर दलविंदरजीत सिंह ने जिला वासियों को जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि इस योजना के अंतर्गत सातवें चरण के विशेष सेवा कैंप आज 17 मार्च दिन मंगलवार से लगाए जा रहे हैं।

डिप्टी कमिश्नर के अनुसार जिले में कुल 57 विशेष कैंप आयोजित किए गए है , जहां लोग आसानी से अपना स्वास्थ्य कार्ड बनवा सकेंगे। इन कैंपों की पूरी जानकारी जिला प्रशासन की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करवाई गई है, ताकि लोग अपने नजदीकी कैंप के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकें।

उन्होंने बताया कि किसी भी परिवार के कम से कम दो सदस्यों का एक साथ उपस्थित होना जरूरी है। कार्ड बनवाने के लिए परिवार के सदस्य अपने साथ वोटर कार्ड और मोबाइल नंबर से लिंक आधार कार्ड लेकर कैंप या नजदीकी सीएससी सेंटर में जा सकते हैं। यह कार्ड पूरी तरह से मुफ्त बनाया जाएगा।

18 साल से कम उम्र वालों के लिए आधार और जन्म प्रमाण पत्र अनिवार्य

यदि परिवार में किसी सदस्य की उम्र 18 वर्ष से कम है, तो उसके लिए मोबाइल नंबर से लिंक आधार कार्ड और जन्म प्रमाण पत्र साथ ले जाना अनिवार्य होगा। इन दस्तावेजों के आधार पर ही स्वास्थ्य कार्ड तैयार किया जाएगा।

योजना के तहत हर परिवार को 10 लाख तक मुफ्त इलाज

मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के तहत पंजाब सरकार प्रत्येक परिवार को हर साल 10 लाख रुपय तक का मुफ्त इलाज उपलब्ध कराएगी। इस योजना का उद्देश्य राज्य के लोगों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना है, ताकि जरूरत के समय आर्थिक बोझ कम हो सके।

अंत में डिप्टी कमिश्नर ने जिले के सभी लोगों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में इन विशेष सेवा कैंपों में पहुंचकर मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के कार्ड बनवाएं और इस महत्वपूर्ण सरकारी योजना का लाभ उठाएं।

E-Paper 2025