खड़गे बोले- देवगौड़ा ने मोहब्बत हमसे, शादी मोदीजी से की:राज्यसभा में PM हंसे; देवगौड़ा का जवाब- मेरी जबरन शादी कराई, इसलिए तलाक लेना पड़ा

राज्यसभा में बुधवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने अपनी स्पीच के दौरान पूर्व पीएम और जनता दल (सेक्युलर) के अध्यक्ष एचडी देवगौड़ा का जिक्र किया। उन्होंने कहा- मुझे पता नहीं कि उन्हें (देवगौड़ा) क्या हुआ। उन्होंने मोहब्बत हमसे की, लेकिन शादी मोदीजी के साथ की।

खड़गे की बात सुनकर राज्यसभा में मौजूद सभी लोग ठहाके लगाने लगे। प्रधानमंत्री मोदी भी हंसते हुए नजर आए। खड़गे की टिप्पणी पर देवगौड़ा ने देर शाम एक लेटर लिखकर जवाब दिया और बताया जब खड़गे सदन में बोल रहे थे, तब वे वहां मौजूद नहीं थे।

देवगौड़ा ने आगे लिखा- अगर मैं अपने मित्र खड़गे को उसी शादी वाली भाषा में जवाब दूं, तो मैं कहना चाहूंगा कि मैं कांग्रेस के साथ जबरन शादी में था, लेकिन वह एक अपमानजनक रिश्ता था, इसलिए मुझे उनसे तलाक लेना पड़ा।

देवगौड़ा सहित 59 सांसदों की राज्यसभा से विदाई

बुधवार को अप्रैल से जुलाई के बीच राज्यसभा से रिटायर हो रहे 59 सांसदों को विदाई दी गई। इनमें पूर्व पीएम एचडी देवगौड़ा, शरद पवार, सभापति हरिवंश, आरपीआई नेता रामदास आठवले शामिल हैं। हालांकि पवार और आठवले राज्यसभा के लिए फिर चुन लिए गए हैं।

इस दौरान पीएम मोदी ने संसद को एक ओपन यूनिवर्सिटी बताया। उन्होंने कहा कि राजनीति में कभी पूर्ण विराम नहीं होता। भविष्य आपका इंतजार कर रहा है। आपका अनुभव हमारे राष्ट्रीय जीवन का स्थायी हिस्सा बना रहेगा।

E-Paper 2025