मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने 29 मार्च तक राजस्थान में बारिश का अलर्ट जारी किया है। आज भी चार जिलों में बारिश की चेतावनी है।
राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) के असर से बुधवार दोपहर बाद मौसम में बदलाव हुआ। बीकानेर, जयपुर, अजमेर, जोधपुर संभाग के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए।
बीकानेर जिले के कई हिस्सों में दोपहर बाद हल्की धूलभरी हवा चली और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हुई। जयपुर में शाम को मौसम में बदलाव के साथ हल्की बारिश हुई।
गर्मी से मिली राहत, तापमान में भी गिरावट
बुधवार को दोपहर करीब 3 बजे बाद उत्तर-पश्चिमी राजस्थान के जिलों में मौसम बदलने लगा और आसमान में बादल छाने के साथ धूलभरी हवा चलनी शुरू हो गई।
बीकानेर में कई स्थानों पर दोपहर बाद हल्की बारिश हुई, जिससे यहां लोगों को हल्की गर्मी से राहत रही। बीकानेर के अलावा श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और चूरू के एरिया में ही देर शाम को कहीं-कहीं हल्की बारिश, बूंदाबांदी हुई।
मार्च के आखिर तक होगी बारिश
एक्सपर्ट के अनुसार बीते 15 दिनों में प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में बारिश हुई। इस कारण गर्मी का असर कम रहा है। बारिश और आंधी का यह दौर आने वाले दिनों में भी जारी रहने की संभावना है। मार्च के आखिर राजस्थान के अधिकतर जिलों में बदले मौसम का असर रहेगा।