RBSE 12वीं परिणाम:97.82% रिजल्ट, फिर भी तीनों संकाय का परिणाम गिरा, कॉमर्स में सर्वाधिक 4.26%, आर्ट्स में 0.38% और साइंस में 0.35% रिजल्ट कम

राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (आरबीएसई) ने मंगलवार को 12वीं कक्षा का आर्ट्स, कॉमर्स, साइंस संकाय का परिणाम जारी कर दिया। इस बार 97.82% रिजल्ट रहने के बावजूद तीनों संकाय का परिणाम गिरा है। पिछले साल से कॉमर्स में सर्वाधिक 4.26%, आर्ट्स में 0.38% और साइंस में 0.35% रिजल्ट कम रहा।

जयपुर के वाटिका राजकीय विद्यालय के सोनू मेहरा साइंस में 99.80% और लुनियावास स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय की छात्रा नव्या मीणा आर्ट्स में 99.60% अंक लाकर टॉपर रहीं। जिले में साइंस का 97.82%, आर्ट्स का 97.15% और कॉमर्स का 94.99% रिजल्ट रहा है।

साइंस और आर्ट्स में बालिकाओं ने बाजी मारी, कॉमर्स में बालक आगे रहे। साइंस में 97.23% बालक और 98.72% बालिकाएं, आर्ट्स में 96.19% बालक और 98.01% बालिकाएं, वहीं कॉमर्स में 96.03% बालक और 93.07% बालिकाएं पास हुईं। जयपुर में आर्ट्स में 45,368, कॉमर्स में 8,645 और साइंस में 38,391 विद्यार्थी पास हुए हैं। पिछले साल के मुकाबले इस बार तीनों संकाय का रिजल्ट कम रहा। आर्ट्स में 0.38%, कॉमर्स में 4.26% और साइंस में 0.35% रिजल्ट कम रहा।

सभी पेपर दिए; फिर भी अनुपस्थित दिखाया

जयपुर के रहने वाले साइंस के स्टूडेंट अर्पित अग्रवाल ब्लाइंड हैं। उनका कहना है कि सभी पेपर दिए थे। इसके बावजूद फिजिक्स में अनुपस्थित दिखा दिया गया। इसकी वजह से सप्लीमेंट्री रिजल्ट आया है।

सरकारी कॉलेजों में 2.70 लाख सीटें, आरयू में 7 हजार

राजस्थान बोर्ड के रिजल्ट जारी होने के बाद अब सीबीएसई के विद्यार्थियों को परिणाम का इंतजार है। इसके बाद कॉलेजों में एडमिशन की भागमभाग शुरू हो जाएगी। प्रदेश में करीब 620 सरकारी कॉलेज हैं। इनमें 2.70 लाख सीटें हैं। इसी तरह राजस्थान यूनिवर्सिटी के चारों संघटक कॉलेजों में मिलाकर करीब 7 हजार सीटें हैं। प्राइवेट कॉलेज भी हैं, लेकिन पास हुए विद्यार्थियों की तुलना में ये सीटें काफी कम हैं और पास होने वालों का प्रतिशत भी ज्यादा है। ऐसे में एडमिशन में मारामारी तय है। हालांकि सामान्य शिक्षा के अलावा छात्र टेक्निकल और मेडिकल कॉलेजों में भी एडमिशन लेंगे।