उज्जैन में अंतरराष्ट्रीय मूर्ख दिवस पर ‘धुरंधर टेपा सम्मेलन’:हास्य अभिनेता राकेश बेदी और व्यंग्य कवि को मिलेगी टेपा उपाधि

अंतरराष्ट्रीय मूर्ख दिवस के अवसर पर 1 अप्रैल (बुधवार) को कालिदास अकादमी में 53वें अखिल भारतीय टेपा सम्मेलन ‘धुरंधर टेपा सम्मेलन’ के रूप में आयोजित किया जा रहा है।

इस कार्यक्रम में फिल्म ‘धुरंधर-2’ में जमील जमाली का किरदार निभाने वाले प्रसिद्ध हास्य अभिनेता राकेश बेदी मुख्य आकर्षण होंगे। साथ ही देश के प्रख्यात हास्य-व्यंग्य कवि अपनी रचनाओं से श्रोताओं को गुदगुदाएंगे। कार्यक्रम दर्शकों के लिए रात 8 बजे से पूर्णतः निःशुल्क रहेगा।

टेपा वेशभूषा में नजर आएंगे कवि

सम्मेलन में स्थानीय आमंत्रित हस्तियों पर प्रशस्ति-वाचन भी होगा। कार्यक्रम में चिल्मी मुकदमा जैसे आयोजन भी शामिल किए गए हैं। टेपा रपट और चिल्मी मुकदमों के आयोजन में टेपा रपट, प्रशस्ति वाचन और टेपा चिल्मी मुकदमे चलेंगे। अतिथियों को पारंपरिक टेपा वेशभूषा पहनाई जाएगी।

टेपा टॉप कवि सम्मेलन में मधुबनी बिहार के शंभू शिखर, मुंबई के सुभाष काबरा, जयपुर के एकेश पार्थ, कन्नौद की प्रिया खुशबु, धार के लोकेश जडिया और मालवी कवि पं. राहुल शर्मा काव्य पाठ करेंगे। सम्मेलन के सूत्रधार दिनेश दिग्गज और अशोक भाटी होंगे, जबकि सहयोगी कुलदीप रंगीला, सुरेन्द्र सर्किट और प्रेमशीला श्रीवास्तव रहेंगे।

कार्यक्रम में सीएम भी होंगे शामिल

अखिल भारतीय टेपा सम्मेलन के सचिव मनीष शर्मा ने बताया कि इस वर्ष का सम्मेलन प्रख्यात समाजसेवी स्व. लाला अमरनाथ और टेपा के संस्थापक-अध्यक्ष डॉ. शिव शर्मा की स्मृति को समर्पित है। सम्मेलन के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव होंगे और अध्यक्षता पूर्व मंत्री सज्जनसिंह वर्मा करेंगे।

टेपा अतिथि के रूप में आईजी राकेश गुप्ता, कलेक्टर रोशन कुमार सिंह, एसपी प्रदीप शर्मा, विधायक एवं कांग्रेस जिलाध्यक्ष महेश परमार, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश धाकड़, प्रेस क्लब अध्यक्ष नंदलाल यादव, सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ एडवोकेट आदिश सी अगरवाला, बैरवा समाज के अध्यक्ष सुरेन्द्र मरमट, समाजसेवी नरेश शर्मा, सीए कमलेश धनोतिया, मुख्य वन संरक्षक प्रफुल्ल फुलजेले और मप्र औद्योगिक विकास निगम के निदेशक राजेश राठौर को आमंत्रित किया गया है।

विभिन्न क्षेत्रों की हस्तियों का होगा टेपा सम्मान

सम्मेलन में अपने क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली हस्तियों को सम्मानित किया जाएगा। 53वें टेपा सम्मेलन में प्रसिद्ध हास्य अभिनेता राकेश बेदी को राधा लाला अमरनाथ स्मृति टेपा सम्मान, कवि सुभाष काबरा को पं. सूर्यनारायण व्यास स्मृति टेपा सम्मान, हास्य कवि शंभू शिखर को सांदीपनी न्यास टेपा सम्मान, कवयित्री प्रिया खुशबू को रंगकर्मी भगवती शर्मा स्मृति टेपा सम्मान, कवि एकेश पार्थ को स्व. रणछोड़सिंह आंजना स्मृति टेपा सम्मान और प्रसिद्ध हास्य कवि लोकेश जडिया को स्व. किशनलाल जायसवाल स्मृति टेपा सम्मान प्रदान किया जाएगा।

इसी तरह प्रसिद्ध मालवी कवि राहुल शर्मा को गणेश चिन्तामण शास्त्री पंडा नाहरवाला स्मृति टेपा सम्मान, पॉडकास्टर अवनी कोठारी को स्व. आरक्षक आशा बैस स्मृति टेपा सम्मान, सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ एडवोकेट डॉ. आदिश सी अगरवाला को कानूनविद स्व. बालकृष्ण उपाध्याय स्मृति टेपा सम्मान, वृक्ष मित्र समिति के अध्यक्ष अशोक भातखंडे को स्व. अशोक ब्रजलाल जायसवाल स्मृति टेपा सम्मान, समाजसेवी नरेश शर्मा को स्व. शकुंतला मोहनलाल शर्मा स्मृति टेपा सम्मान तथा चित्रकार डॉ. अभिषेक सिंह तोमर को मानव कला संकेत टेपा सम्मान से नवाजा जाएगा।

पत्रकारिता सम्मान-

मीडिया क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए पत्रिका के संपादक नितिन चावड़ा को पत्रकार मानसिंह बैस स्मृति सम्मान, आईएनएच के राहुल यादव को स्व. सत्यनारायण गोयल स्मृति सम्मान, नवभारत के भूपेंद्र भूतड़ा को एडवोकेट ज्ञानस्वरूप श्रीवास्तव स्मृति सम्मान और राजेश पांचाल को स्व. कन्हैयालाल भूतड़ा स्मृति सम्मान प्रदान किया जाएगा।