बांसवाड़ा के कोतवाली थाना क्षेत्र में बेकाबू कार डिवाइडर पर लगी लोहे की रेलिंग को चीरते हुए उसके ऊपर चढ़ गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार रेलिंग के सरियों में फंसकर हवा में लटक गई। एयरबैग खुलने से ड्राइवर की जान बच गई।
हादसा जवाहर पुल पर मंगलवार रात करीब 1 बजे हुआ। 12 दिन पहले नई कार खरीदी थी।
एयरबैग बने सुरक्षा कवच, बड़ा हादसा टला
कार सवार युवक गर्वित निवासी दानपुर, खांदू कॉलोनी में किसी को छोड़कर लौट रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार में वाहन चलाते समय उसने नियंत्रण खो दिया और कार सीधे डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर के तुरंत बाद कार के एयरबैग खुल गए, जिससे चालक को गंभीर चोट नहीं आई और बड़ा हादसा टल गया।
क्रेन की मदद से हटाई गई कार
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। रात का समय होने के कारण पुल पर भीड़ कम थी, फिर भी यातायात प्रभावित न हो इसके लिए पुलिस ने तुरंत क्रेन बुलवाई। लोहे की रेलिंग में फंसी कार को काफी मशक्कत के बाद नीचे उतारा गया। इसके बाद पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर कोतवाली थाने भिजवा दिया।
ड्राइवर गर्वित ने बताया – कार 26 मार्च को रामनवमी के दिन ही खरीदी थी।