करौली में स्कूल बस पलटी,सरकारी स्कूल के हेडमास्टर की मौत:हाथ-पैरों में आई थी चोटें, बिजली पोल से टकराकर अनबैलेंस हुई थी बस

करौली में निजी स्कूल बस अनियंत्रित होकर पलट गई। बस की चपेट में आने से सरकारी स्कूल के हेड मास्टर की मौत हो गई। हेड मास्टर घर से स्कूल की तरफ जा रहे थे। स्कूल से करीब एक किमी पहले ही हादसा हो गया। वहीं, बस में सवार बच्चों के कोई गंभीर चोट नहीं आई।

हादसा सूरौठ के बयाना रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास बुधवार सवेरे करीब 7 बजकर 50 मिनट पर हुआ। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

बिजली के पोल से टकराकर अनियंत्रित हुई बस

सूरौठ थाना के ASI मुरारी लाल ने बताया- सूरौठ की एक निजी स्कूल की बस बच्चे लेकर धंधावली से सूरौठ की तरफ जा रही थी। इसी दौरान भूरी सिंह मीना (58) बाइक से भुकरावली से धंधावली की तरफ जा रहे थे। पेट्रोल पंप के पास स्कूल बस बिजली के पोल से टकराकर अनियंत्रित हो गई और बाइक को टक्कर मारते हुए पलट गई।

बस की टक्कर से हेडमास्टर के लगी चोटें

टक्कर से बाइक क्षतिग्रस्त हो गई और दूर जा गिरी, जबकि बाइक सवार भूरी सिंह मीना के हाथ-पैरों समेत अंदरूनी चोटें आई। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

स्कूल से एक किमी पहले हादसा

भूरी सिंह मीना (58) पुत्र शंकर लाल धंधावली के राजकीय उच्च प्राथमिक स्कूल में प्रधानाध्यापक (हेड मास्टर) के पद पर कार्यरत थे। स्कूल से करीब एक किमी पहले ही उनके साथ हादसा हो गया। सूचना मिलने पर सूरौठ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को हिंडौन जिला अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को जब्त कर लिया है।

भूरी सिंह मीना के बेटे ऋषि मीना ने बताया- उनके पिता सुबह करीब 6:30 बजे ड्यूटी के लिए घर से निकले थे। भूरी सिंह मीना के परिवार में उनकी पत्नी प्रेमदेवी, बेटा ऋषि (जो मध्य प्रदेश के गुना में रेलवे में टेक्निशियन हैं), दूसरा बेटा रामकेश (बेंगलुरु में स्टेशन मास्टर हैं) और एक बेटी रीना (बीए, बीएड हैं) शामिल हैं। इस घटना से गांव में शोक का माहौल है।