मोदी बोले- बंगाल में डर का माहौल, हिंसा चरम पर:ममता बोलीं- BJP हद पार कर रही; पीएम आज तमिलनाडु में रोड शो करेंगे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि पश्चिम बंगाल में डर का माहौल है और हत्या, दुष्कर्म व दंगे चरम पर पहुंच चुके हैं। राज्य में लोग काफी परेशान हैं।

पीएम ने ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ कार्यक्रम के तहत बंगाल के बीजेपी कार्यकर्ताओं से वर्चुअल संवाद किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि राज्य में युवा रोजगार को लेकर चिंतित हैं। सरकारी कर्मचारियों को अपने हक के लिए अदालत जाना पड़ रहा है।

ममता बनर्जी ने पिंगला में चुनावी रैली में कहा कि बीजेपी बंगाल पर कब्जा करने के लिए हद पार कर रही है। इतना गंदा खेल पहले कभी नहीं देखा। लाखों लोगों के नाम मतदाता सूची से काटे गए हैं। केंद्र सरकार ने बंगाल का पैसा रोक दिया है। उन्होंने EVM को लेकर भी सवाल उठाते हुए कहा कि मशीनों की सख्ती से जांच की जाएगी।

गृह मंत्री अमित शाह आज दार्जिलिंग पहुंचेंगे। वे यहां पर कालिम्पोंग, कर्सियांग, तराई और डुआर्स के लोगों को लेबोंग स्थित गोरखा स्टेडियम से संबोधित करेंगे। वहीं पीएम तमिलनाडु में रोड शो निकालेंगे।

चुनाव राज्यों में कल के बड़े अपडेट्स…

  • भाजपा ने तमिलनाडु के लिए घोषणापत्र जारी किया। महिलाओं को हर महीने 2,000 रुपए, सालाना तीन मुफ्त एलपीजी सिलेंडर और पात्र महिलाओं को ई-स्कूटर खरीदने के लिए 25,000 रुपए की सब्सिडी का वादा किया।
  • राहुल गांधी ने बंगाल के रायगंज में कहा कि RSS और BJP वोट चोरी में शामिल हैं और लोकतंत्र को नष्ट कर रहे हैं। भाजपा और नरेंद्र मोदी ने एक नई राजनीतिक व्यवस्था बनाई है। इसमें पार्टी का सारा पैसा एक ही जगह रखा जाता है। यह जगह है अडाणी कंपनी।
  • अमित शाह ने दक्षिण दिनाजपुर के गंगारामपुर में रैली को संबोधित करते हुए कहा कि आम जनता उन्नयन पार्टी के संस्थापक हमायूं कबीर ममता बनर्जी के एजेंट हैं। उनके इशारे पर मुर्शिदाबाद में बाबरी मस्जिद बनाने की बात कर रहे हैं।