भिवाड़ी पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 हजार रुपए के इनामी बदमाश अजय उर्फ अज्जू को गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले लगभग एक साल से फरार चल रहा था।
पुलिस के अनुसार, अजय उर्फ अज्जू ने अपने साथियों के साथ मिलकर पिछले साल 23 अप्रैल को भिवाड़ी के छाबड़ी मार्केट, अलवर बाईपास पर दीपक नामक युवक के साथ सरेआम मारपीट की थी। रंजिश के चलते आरोपी ने दीपक को लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा था।
इस दौरान दीपक का फोन तोड़ दिया गया और उससे 800 रुपए भी छीन लिए गए। धारदार हथियारों और लाठियों से हुए हमले में दीपक के सिर, हाथ-पैर में गंभीर चोटें आईं थीं। आरोपी ने पीड़ित और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी थी।
भिवाड़ी एसपी बृजेश उपाध्याय के निर्देश पर एएसपी अतुल साहू और डीएसपी कैलाश चौधरी के सुपरविजन में थानाधिकारी सचिन शर्मा के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। इस टीम ने सूचना तंत्र, तकनीकी और पारंपरिक तरीकों का इस्तेमाल करते हुए आरोपी की तलाश की। लंबी छानबीन के बाद आरोपी अजय उर्फ अज्जू (29) पुत्र रामरतन गुर्जर, निवासी मिलकपुर गुर्जर, भिवाड़ी को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी के समय आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लाठी और एक एसयूवी कार बरामद की गई है। पीड़ित रामकुवार पुत्र मंगलिया, निवासी मिलकपुर गुर्जर ने पिछले साल 24 अप्रैल को भिवाड़ी थाने में इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसके आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
भिवाड़ी एसपी ने इस वांछित आरोपी की गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। यह गिरफ्तारी भिवाड़ी पुलिस की वांछित अपराधियों के खिलाफ चल रही धरपकड़ मुहिम का हिस्सा है। पुलिस ने मामले में अन्य सह-आरोपियों की तलाश भी शुरू कर दी है।