अमरनाथ यात्रा को ध्यान में रखते हुए लखनऊ से श्रीनगर के बीच सीधी हवाई सेवा दोबारा शुरू होने की संभावना तेज हो गई है। एयरलाइन कंपनी द्वारा इस संबंध में कराया जा रहा सर्वे अंतिम चरण में है और इसके जल्द पूरा होने की उम्मीद जताई जा रही है। यदि यह सेवा शुरू होती है, तो बड़ी संख्या में अमरनाथ यात्रियों को सीधा फायदा मिलेगा।
पहलगाम हमले के बाद बंद हुई थी सेवा
पिछले साल पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद लखनऊ-श्रीनगर सीधी उड़ान सेवा बंद कर दी गई थी। यह सेवा शुरू होने के महज 35 दिनों बाद ही रोकनी पड़ी थी। इसके चलते यात्रियों को दिल्ली के रास्ते कनेक्टिंग फ्लाइट से यात्रा करनी पड़ रही है, जिससे समय और खर्च दोनों बढ़ गए हैं।
अमरनाथ यात्रा से पहले बढ़ीं उम्मीदें
तीन जुलाई से शुरू होने वाली अमरनाथ यात्रा के लिए अभी से तैयारियां तेज हो गई हैं। रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और श्रद्धालु मेडिकल जांच भी करा रहे हैं। लखनऊ से हर साल बड़ी संख्या में यात्री यात्रा पर जाते हैं, ऐसे में सीधी उड़ान सेवा उनके लिए बड़ी राहत साबित हो सकती है।
मार्च 2025 में यात्रियों की मांग पर इंडिगो ने लखनऊ से श्रीनगर के बीच सीधी उड़ान शुरू की थी। शुरुआती दिनों में इस सेवा को जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली और उड़ानें लगभग फुल रहीं। लेकिन आतंकी हमले के बाद यात्रियों की संख्या अचानक घट गई, जिससे एयरलाइन को नुकसान होने लगा और सेवा बंद करनी पड़ी।
सस्ती और समय बचाने वाली थी उड़ान
यह सीधी उड़ान करीब दो घंटे में लखनऊ से श्रीनगर पहुंचाती थी। किराया भी अपेक्षाकृत किफायती था, जो छह से आठ हजार रुपये के बीच रहता था। वहीं, कनेक्टिंग फ्लाइट के लिए यात्रियों को 12 से 15 हजार रुपये तक खर्च करने पड़ रहे हैं।
इस रूट पर चलने वाले विमान में करीब 180 सीटें थीं और शुरुआत में सभी सीटें भर रही थीं। हालांकि, हमले के बाद यात्रियों की संख्या घटकर महज 35 रह गई थी। कम यात्री होने के कारण संचालन खर्च निकालना मुश्किल हो गया और सेवा अस्थायी रूप से बंद कर दी गई।
अब अमरनाथ यात्रा के मद्देनजर एक बार फिर इस रूट पर सीधी उड़ान शुरू करने की तैयारी तेज है। सर्वे पूरा होने के बाद एयरलाइन अंतिम फैसला लेगी, जिससे लखनऊ के यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।