जालंधर में मॉक ड्रिल का आयोजन आज:रात 8 बजे बजेगा सायरन, 15 मिनट के लिए होगा ब्लैक आउट; DC बोले -घबराने की जरूरत नहीं

जालंधर में आज (शुक्रवार) मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा। यह मॉक ड्रिल पूरे जिले में नहीं, बल्कि सीमित क्षेत्र में होगी। खालसा कॉलेज फॉर वुमेन में रात 8:00 बजे ब्लैकआउट किया जाएगा।

डीसी वरजीत वालिया के अनुसार, यह अभ्यास इमरजेंसी तैयारियों की जांच के लिए किया जा रहा है। बता दें कि पूरे पंजाब में आज केंद्र सरकार के निर्देशों पर मॉक ड्रिल आयोजित की जा रही है। इसका उद्देश्य आपातकालीन स्थितियों और युद्ध जैसे हालातों में सिविल डिफेंस व प्रशासन की तैयारियों को परखना है।

रात 8 बजे बजेगा सायरन

मॉक ड्रिल की शुरुआत ‘एयर रेड वार्निंग सायरन’ से होगी। रात ठीक 8:00 बजे करीब 2 मिनट तक हाई और लो पिच के सायरन बजाए जाएंगे। यह सायरन किसी भी आने वाले खतरे का संकेत होता है। सायरन बजते ही चिह्नित क्षेत्रों में अभ्यास शुरू हो जाएगा।

15 मिनट का रहेगा ब्लैकआउट

सायरन के बाद रात 8:00 बजे से 8:15 बजे तक ब्लैकआउट रहेगा। इस दौरान प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अपने घरों और दुकानों की सभी गैर-जरूरी लाइटें बंद रखें। अभ्यास यह समझने के लिए है कि अंधेरे में बचाव कार्य और सुरक्षा व्यवस्था को क प्रभावी बनाया जाए।

जालंधर में विशेष तैयारी

जालंधर के डीसी वरजीत वालिया ने बताया कि जिले में यह ड्रिल चुनिंदा क्षेत्रों में होगी। मुख्य रूप से खालसा कॉलेज फॉर वुमेन और उसके आसपास के सीमित क्षेत्र में रात 8:00 बजे ब्लैकआउट किया जाएगा। प्रशासन पूरी मुस्तैदी से इस ड्रिल की निगरानी करेगा।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह केवल एक सुरक्षा अभ्यास (मॉक ड्रिल) है। लोगों को सायरन की आवाज सुनकर घबराने की जरूरत नहीं है। अधिकारियों ने जनता से अपील की है कि वे शांति बनाए रखें और इस महत्वपूर्ण सुरक्षा अभ्यास में प्रशासन का सहयोग करें।