मोदी का हावड़ा में रोड-शो, बोले- भाजपा का भरोसा जीतेगा:TMC का BJP को जवाब- न आए हो न आओगे; भवानीपुर में ममता की पदयात्रा

पश्चिम बंगाल में गुरुवार को 152 सीटों पर वोटिंग हुई तो 142 सीटों पर चुनाव प्रचार चलता रहा। पीएम मोदी ने कृष्णानगर और मथुरापुर में जनसभा की और हावड़ा में रोड शो किया।

मोदी ने कहा कि जनता ने तय कर दिया है कि 4 मई को परिणाम नहीं, परिवर्तन आएगा। TMC हारेगी और भाजपा का भरोसा जीतेगा। अब का मतदान सभी रिकॉर्ड तोड़ रहा है। मैं यहां परिवर्तन की आंधी देख रहा हूं।

प्रधानमंत्री की रैली के बाद TMC ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा- न आए हो, न आओगे।

जिस वक्त मोदी हावड़ा में रोड शो कर रहे थे, उसी वक्त मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भवानीपुर में रोड शो किया। ममता यहीं से विधायक हैं। भवानीपुर में 29 अप्रैल को वोटिंग होनी है। यहां से सुवेंदु अधिकारी भाजपा प्रत्याशी हैं।

पहले फेज की वोटिंग के दौरान पीएम की 3 बड़ी बातें…

  1. बंगाल में भाजपा सरकार आने पर हम शरणार्थियों को CAA के तहत सभी जरूरी कागज देंगे।
  2. बंगाल में भाजपा की सरकार बनते ही मछुआरों की आय बढ़ाने पर ध्यान दिया जाएगा।
  3. TMC हमेशा घुसपैठियों का समर्थन करती है और देश की सुरक्षा को दांव पर लगाती है।

शाह बोले – घुसपैठियों को चुन-चुनकर निकालेंगे

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हुगली के बालागढ़ में कहा कि बंगाल में भाजपा की सरकार बनते ही घुसपैठ पूरी तरह बंद कर दी जाएगी और जो घुसपैठिए यहां रह रहे हैं, उन्हें चुन-चुनकर बाहर निकाला जाएगा।

उन्होंने कहा कि घुसपैठिए राज्य की सुरक्षा के लिए खतरा हैं और बंगाल के युवाओं के हक की नौकरियां व गरीबों का राशन छीन रहे हैं।

दूसरे फेज की 142 सीटों पर वोटिंग

बंगाल में 29 अप्रैल को दूसरे फेज की 142 सीटों पर वोटिंग होनी है। 2021 के विधानसभा चुनावों में 142 में से 114 पर TMC को जीत मिली थी, वहीं भाजपा को 27 सीटें मिली थीं।

कृष्णानगर में TMC मजबूत

पश्चिम बंगाल के कृष्णानगर में लगभग 27–30% मुस्लिम मतदाता हैं, जो पारंपरिक रूप से TMC का मजबूत आधार रहे हैं। 2021 में कृष्णानगर की 7 में से 6 विधानसभा सीटों पर TMC को जीत मिली थी। हालांकि, मतुआ समुदाय और ग्रामीण हिंदू मतदाताओं के बीच भाजपा ने पिछले कुछ चुनावों में अपनी पकड़ मजबूत की है।

शहरी इलाकों, जैसे कृष्णानगर उत्तर में भाजपा का प्रभाव है, जबकि ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों में TMC का वर्चस्व बना हुआ है। TMC नेता महुआ मोइत्रा इसी सीट से सांसद हैं।

मथुरापुर 2009 से TMC का गढ़

दक्षिण 24 परगना जिले का मथुरापुर TMC का अभेद्य किला माना जाता है। यहां पार्टी का 2009 से वर्चस्व है। 2021 के विधानसभा चुनावों में कृष्णानगर की सभी 7 सीटों पर TMC की जीत हुई थी। यहां अनुसूचित जाति (SC) की आबादी 30–35% और 20–25% मुस्लिम मतदाता भी हैं। हालांकि, भाजपा ने यहां मतुआ वोटों में अच्छी पकड़ बनाई है।