वाराणसी के 35 केंद्रों पर होगी PGT की परीक्षा:लंबे इंतजार के बाद 9 और 10 मई को एग्जाम, 624 पदों पर शुरू होगी प्रक्रिया

लंबे इंतजार के बाद PGT शिक्षक भर्ती-2022 की परीक्षा 9 व 10 मई को होने जा रही है। इस परीक्षा के लिए वाराणसी में कल 35 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं कड़ी सुरक्षा के बीच परीक्षा संपन्न कराए जाने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा प्रदेश के 18 मंडल मुख्यालयों के जिलों में कराई जाएगी। भर्ती प्रक्रिया को लेकर आयोग ने तैयारियां तेज कर दी हैं और परीक्षा केंद्रों का निर्धारण हो चुका है। इस भर्ती के तहत कुल 624 पदों पर नियुक्ति होनी है। इसके लिए लगभग 4.64 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है, जिससे प्रतियोगिता काफी कड़ी रहने की संभावना है।

परीक्षा दो दिनों में विभिन्न पालियों में आयोजित होगी, ताकि सभी अभ्यर्थियों को व्यवस्थित तरीके से शामिल कराया जा सके। यह परीक्षा जून 2025 में प्रस्तावित थी, लेकिन प्रशासनिक कारणों से इसे स्थगित कर दिया गया था। अब नई तारीखों की घोषणा के साथ ही अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिली है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से कराई जाएगी।

हिंदी, अंग्रेजी, गणित व विज्ञान में सबसे ज्यादा पद

विषयवार पदों की बात करें तो इसमें सर्वाधिक पद हिंदी, अंग्रेजी, गणित और विज्ञान विषयों के लिए निर्धारित हैं। साथ ही आरक्षित वर्गों के लिए भी नियमानुसार सीटें तय की गई हैं। महिला अभ्यर्थियों के लिए भी पर्याप्त पद सुनिश्चित किए गए हैं। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के सचिव ने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाएंगे। नकल रोकने के लिए विशेष निगरानी व्यवस्था लागू की जाएगी।

इसके अलावा अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे समय-समय पर आयोग की वेबसाइट पर नजर बनाए रखें और परीक्षा से संबंधित सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें। परीक्षा के सफल आयोजन के बाद जल्द ही परिणाम घोषित करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी, ताकि चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति समय पर हो सके।