सीएम योगी ने मंगलवार को लखनऊ में ऐलान किया कि इस साल यूपी पुलिस में 1 लाख नई भर्तियां की जाएंगी। उन्होंने कहा- होमगार्ड, पुलिस और दरोगा के पदों पर भर्ती होगी। सीएम ने इस दौरान पुलिस विभाग में 936 रेडियो ऑपरेटर को जॉइनिंग लेटर बांटे। उनके साथ फोटो खिंचवाई।
सीएम ने कहा- पिछले 9 साल में 2 लाख 20 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की भर्ती निष्पक्ष तरीके से की गई, जो एक रिकॉर्ड है। बहुत सारे राज्यों की पुलिस बल की संख्या 2.20 लाख नहीं होगी। 500 से अधिक कुशल खिलाड़ियों को पुलिस बल में शामिल किया गया।
उन्होंने कहा-
आज से 9 साल पहले एक संकट था। कहां ट्रेनिंग होगी? पहले एक बार में सिर्फ 3,000 पुलिसकर्मियों को ट्रेनिंग देने की क्षमता थी, लेकिन हालात अब बदल चुके हैं। साल 2025 में 60,244 सिपाहियों की भर्ती हुई। इन सभी को यूपी में ही एक साथ ट्रेनिंग दी गई। इससे साबित हुआ कि अगर नीयत साफ हो और नीति स्पष्ट हो, तो परिणाम लाया जा सकता है।
योगी के भाषण की 4 बड़ी बातें-
1- ‘अब नौकरी के लिए सिफारिश की जरूरत नहीं’
सीएम ने कहा- अभी परसों ही 60 हजार सिपाहियों की पासिंग आउट परेड हुई। यानी एक साथ 60 हजार सिपाही यूपी पुलिस का हिस्सा बने, जो अब फील्ड में ड्यूटी करेंगे। आपको देश ही नहीं, दुनिया की सबसे बड़ी सिविल पुलिस का हिस्सा बनने और उसकी दूरसंचार शाखा के माध्यम से 25 करोड़ की आबादी की सेवा करने का मौका मिला है।
इस पूरी प्रक्रिया में आपने देखा होगा कि आप में से किसी को भी सिफारिश कराने की जरूरत नहीं पड़ी। न कोई सिफारिश, न कोई पैसा। आपकी योग्यता, आपकी क्षमता और आरक्षण के नियमों का पालन करते हुए पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से भर्ती प्रक्रिया संपन्न की गई। परिणाम हम सबके सामने है।
2- ‘हमारा उद्देश्य हर योग्य नौजवान को अवसर उपलब्ध कराना’
योगी ने कहा- हमारा उद्देश्य एक ही है। हर नौजवान जो योग्य और क्षमतावान है, पुलिस बल का हिस्सा बनना चाहता है, उसके लिए अच्छा अवसर पुलिस भर्ती बोर्ड उपलब्ध कराएगा। 2017 से पहले 10 ऐसे जिले थे, जहां पुलिस लाइन ही नहीं थी। कई थाने ऐसे थे, जिनके पास अपने भवन नहीं थे। पुलिस को सामान्य सुविधाओं का अभाव था। बैरक नहीं थीं।
आज खपरैल की बैरकों की जगह हाईराइज इमारतें बन चुकी हैं। मॉडल थाने बन रहे हैं। नए-नए फायर स्टेशन स्थापित हो रहे हैं। स्पेशल सिक्योरिटी फोर्स यानी एसएसएफ का गठन हुआ। एसडीआरएफ का गठन हुआ है। तीन नई महिला पुलिस बटालियन भी गठित की गई हैं।
3- ‘कानून का राज विकास की पहली गारंटी होता है’
योगी ने कहा- पुलिस प्रदेश को गुंडा-मुक्त, दंगा-मुक्त और माफिया-मुक्त ही नहीं बना रही है, बल्कि भारत की आर्थिक प्रगति में भी अपनी भूमिका निभा रहा है। इसमें अप्रत्यक्ष रूप से पुलिस का बड़ा योगदान है, क्योंकि कानून का राज विकास की पहली गारंटी होता है। कानून के इस माहौल में ही बड़े निवेशक यूपी में निवेश कर रहे हैं। यह सब दिखाता है कि जब करने की इच्छाशक्ति होती है, तो परिणाम अपने आप सामने आते हैं। पुलिस बल से जुड़े हर कार्मिक को खुद को हमेशा फिट रखना जरूरी है। जब आप शारीरिक रूप से फिट रहेंगे, तो मानसिक रूप से भी मजबूत होंगे।
4- पहले नौकरियां में भेदभाव होता था
सीएम ने कहा- कुछ अभ्यर्थियों ने इस पूरी भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी अपनी सक्सेस स्टोरी साझा कीं। उनकी कहानियां बताती हैं कि वे चाहते थे कि उनकी भर्ती पूरी तरह ईमानदारी और निष्पक्षता के साथ हो। यह भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से पूरी की गई है। ऐसे में अब आपकी जिम्मेदारी बनती है कि उसी नीयत के साथ आप अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें। यह याद रखना जरूरी है कि जब हर भारतीय नागरिक अपने-अपने क्षेत्र में ईमानदारी से काम करता है, तभी विकसित भारत का सपना साकार होता है। किसी जाति, मजहब या व्यक्तिगत स्वार्थ का अहंकार राष्ट्र और राज्य से बड़ा नहीं हो सकता।
आज से 9 साल पहले यह संभव नहीं था। पहले तो प्रक्रिया ही सकुशल संपन्न नहीं होती थी। दूसरा, लेन-देन अलग से होता था। तीसरा, नियुक्ति में भेदभाव भी होता था। आज यदि व्यक्ति में क्षमता है, तो कोई उसे आगे बढ़ने से नहीं रोक सकता।
वित्त मंत्री ने कविता पढ़ी…’सारे जहां का दर्द लिए मैं चला तो था’ वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने एक कविता पढ़ी- सारे जहां का दर्द लिए मैं चला तो था, फिर अपनी जरूरत का सुख भा गया मुझे। चीजों को तो महसूस करता था, मगर अब चीजों को तौलने का हुनर आ गया मुझे। इसके बाद खन्ना ने कहा- आज आप सभी को एक नई जिम्मेदारी मिली है, जिसे पूरी निष्ठा और कर्तव्य भावना के साथ निभाना होगा। यह केवल एक नौकरी नहीं है, बल्कि समाज में सम्मान और प्रतिष्ठा दिलाने वाला दायित्व है।
उन्होंने कहा कि जब आप ईमानदारी से कार्य करेंगे, तो न केवल आपके परिवार को बल्कि पूरे समाज को आप पर गर्व होगा। लोग आपसे प्रेरणा लेंगे। व्यक्ति का चरित्र ही उसकी असली पहचान होता है। आपकी पोस्टिंग जहां होगी, वहां की परिस्थितियां अलग हो सकती हैं, लेकिन यदि आप कर्तव्यनिष्ठ रहेंगे तो समाज हमेशा आपके साथ खड़ा रहेगा। जो लोग अपने कर्तव्यों में लापरवाही करते हैं या अनुशासनहीन होते हैं, उन्हें न तो अधिकारी सम्मान देते हैं और न ही समाज।
खन्ना ने कहा कि आज के समय में पैसा आवश्यक जरूर है, लेकिन गलत तरीके से अर्जित धन कभी आत्मसंतोष नहीं देता, बल्कि व्यक्ति को कलंकित करता है। इसलिए आप सभी को संकल्प लेना चाहिए कि अपने कर्तव्यों का पालन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करेंगे।