सम्राट कैबिनेट की आज दूसरी बैठक:बड़े फैसलों पर लगेगी मुहर, पहली कैबिनेट में सेटेलाइट टाउनशिप सहित 22 एजेंडों को मिली थी मंजूरी

बिहार में नई सरकार के गठन के बाद सम्राट कैबिनेट की दूसरी बैठक आज शाम 5 बजे मुख्यमंत्री सचिवालय में होगी।

बैठक की अध्यक्षता मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे। इसमें डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी और विजेंद्र यादव भी मौजूद रहेंगे।

बैठक में लिए गए फैसलों की जानकारी शाम 6 बजे कैबिनेट ब्रीफिंग के जरिए दी जाएगी।

नई सरकार की यह दूसरी कैबिनेट बैठक होने के कारण कई अहम प्रस्तावों पर मुहर लगने की संभावना जताई जा रही है।

पहली बैठक में 22 एजेंडों पर लगी थी मुहर

इससे पहले 22 अप्रैल को सम्राट कैबिनेट की पहली बैठक हुई थी, जिसमें 22 महत्वपूर्ण एजेंडों को मंजूरी दी गई थी। पहली बैठक का सबसे बड़ा फैसला राज्य के 11 शहरों में सेटेलाइट टाउनशिप विकसित करने का था।

सरकार ने इन नए टाउनशिप के विकास को मंजूरी देते हुए संबंधित इलाकों में जमीन की खरीद-बिक्री पर रोक लगा दी थी।

मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, भागलपुर और छपरा के आसपास जमीन खरीद-बिक्री पर 30 जून 2027 तक रोक रहेगी। वहीं पटना, सोनपुर, गया, दरभंगा, सहरसा, पूर्णिया और मुंगेर में यह रोक 31 मार्च 2027 तक लागू रहेगी।