मुक्तसर में नर्सिंग इंस्टीट्यूट की छात्रा की मौत:हॉस्टल के कमरे में फांसी लगाई, कोई सुसाइड नोट नहीं मिला; 6 और छात्राओं की तबीयत बिगड़ी

श्री मुक्तसर साहिब के गांव बादल में स्थित स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंसेज के हॉस्टल में कल रात (28 अप्रैल) एक छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि छात्रा ने हॉस्टल के कमरे में फांसी लगा ली है। फिलहाल मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतका की पहचान तनू निवासी जिला रोपड़ के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार घटना हॉस्टल नंबर-2 में रात करीब साढ़े 9 बजे हुई। छात्रा कमरे में अकेली मौजूद थी।

छह छात्राओं की तबीयत खराब

घटना का पता चलने पर अन्य छात्राओं ने तुरंत हॉस्टल प्रबंधन को सूचित किया। इसके कुछ देर बाद हॉस्टल में रहने वाली मृतका की 2 रूममेट समेत कुल छह छात्राओं की तबीयत खराब हो गई। उन्हें देर रात सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया।

मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं

संस्थान की प्रिंसिपल प्रभजोत कौर ने छात्रा द्वारा आत्महत्या की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच जारी है और मृतका के परिवार को सूचित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ। छात्राओं की हालत बिगड़ने के बारे में प्रिंसिपल ने कहा कि ऐसा होना स्वाभाविक है।