मध्य प्रदेश सरकार ने शनिवार देर रात 62 आईपीएस अधिकारियों का बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया। इस व्यापक बदलाव के तहत सिवनी जिले के पुलिस नेतृत्व में भी परिवर्तन हुआ है। इंदौर में पदस्थ डीसीपी कृष्ण लांछनदानी को सिवनी का नया पुलिस अधीक्षक (एसपी) नियुक्त किया गया है।
वहीं, वर्तमान सिवनी एसपी सुनील कुमार मेहता को इंदौर डीसीपी के पद पर स्थानांतरित किया गया है। गृह विभाग द्वारा जारी इस तबादला सूची में एडीजी, डीआईजी, एसपी और डीसीपी स्तर के अधिकारी शामिल हैं।
सीएम के बैठक के बाद लिस्ट जारी हुई
यह सूची लंबे समय से प्रतीक्षित थी और इसे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और डीजीपी कैलाश मकवाणा के बीच हुई बैठक के बाद जारी किया गया। सिवनी जिले में नए एसपी कृष्ण लांछनदानी की नियुक्ति को लेकर स्थानीय लोगों में उत्सुकता है।
इंदौर जैसे बड़े शहर में कानून-व्यवस्था संभालने का अनुभव रखने वाले लांछनदानी से जिले में अपराध नियंत्रण, बेहतर पुलिसिंग और जनसुनवाई व्यवस्था में सुधार की उम्मीद की जा रही है। सुनील कुमार मेहता को इंदौर जैसे महत्वपूर्ण शहर में डीसीपी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने की उम्मीद
उनके कार्यकाल में सिवनी में कई महत्वपूर्ण पुलिस पहलें की गई थीं। इस प्रशासनिक फेरबदल को राज्य में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। नए पदस्थ अधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।