सोनीपत पहुंचे सीएम नायब सिंह सैनी:राई से चुनावी प्रचार की शुरूआत, जनता से सीधा संवाद; महिला आरक्षण बिल पर कांग्रेस को घेरा

सोनीपत नगर निगम चुनाव के बीच सियासी हलचल तेज हो गई है। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आज सोनीपत के दौरे पर पहुंचे, जहां 22 वार्डों में उनके 20 अलग-अलग कार्यक्रम तय किए गए हैं। इस मेगा चुनावी अभियान की शुरुआत राई विधानसभा क्षेत्र से हुई, जहां “चाय पर चर्चा” कार्यक्रम के जरिए मुख्यमंत्री ने जनता से सीधा संवाद स्थापित किया।

इस दौरान उन्होंने भाजपा के पक्ष में मतदान की अपील करते हुए कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा और विकास के एजेंडे को आगे रखा।

राई से चुनावी बिगुल, जनता से सीधा संवाद

मुख्यमंत्री राई गांव पहुंचे, जहां उन्होंने स्थानीय लोगों से बातचीत करते हुए चुनाव प्रचार की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने नगर निगम चुनाव को विकास से जोड़ते हुए कहा कि भाजपा को जिताकर भेजने से क्षेत्र में तेजी से विकास कार्य होंगे और सरकार की योजनाओं का लाभ सीधे लोगों तक पहुंचेगा।

महिला बिल को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला

सीएम सैनी ने अपने संबोधन में कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि दिल्ली में कांग्रेस नेताओं ने महिला अधिकारों के मुद्दे पर बड़ी गलती की। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेता जानबूझकर सदन में नहीं गए, क्योंकि उन्हें पता था कि अंदर महिलाओं के अधिकारों की बात उठेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा महिलाओं को उनका हक दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है और इस दिशा में हरियाणा से एकजुट प्रस्ताव भेजा जाएगा।

‘ट्रिपल इंजन सरकार’ का दिया नारा

मुख्यमंत्री ने कहा कि नगर निगम चुनाव में भाजपा की जीत के बाद “ट्रिपल इंजन सरकार” बनेगी, जिससे विकास कार्यों की गति तीन गुना हो जाएगी। उन्होंने जनता से अपील की कि वे भाजपा प्रत्याशियों को जिताकर विकास की रफ्तार को तेज करें।

यमुना सफाई और विकास परियोजनाओं का वादा

सीएम ने कहा कि गंदे पानी को यमुना में जाने से रोकने के लिए डब्ल्यूटीपी (WTP) और एसटीपी (STP) परियोजनाएं लागू की जाएंगी। उनका उद्देश्य है कि यमुना में केवल स्वच्छ पानी जाए और उस पानी का उपयोग कृषि कार्यों में भी किया जा सके।

कांग्रेस पर महिलाओं के अपमान का आरोप

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि वर्षों तक महिलाओं के वोट लेने वाली पार्टी ने जब उन्हें अधिकार देने का मौका आया तो महिला बिल का विरोध किया। उन्होंने जनता से अपील की कि 10 मई को मतदान के दिन ऐसे लोगों को जवाब दें।

बीजेपी में शामिल हुए स्थानीय लोग

कार्यक्रम के दौरान कई स्थानीय लोगों ने भाजपा की नीतियों से प्रभावित होकर पार्टी का दामन थामा। मुख्यमंत्री ने उनका स्वागत करते हुए कहा कि भाजपा में सभी वर्गों को सम्मान और अवसर मिलता है।

हर वार्ड में पहुंचने की रणनीति, चुनाव पर फोकस

सीएम के 22 वार्डों में 20 कार्यक्रम इस बात का संकेत हैं कि भाजपा इस चुनाव को लेकर पूरी ताकत झोंक रही है। हर वार्ड में जनसंपर्क और सीधा संवाद स्थापित कर पार्टी अपने पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश कर रही है।