हरियाणा में कांग्रेस नेता को थ्रेट कॉल:₹5 करोड़ की रंगदारी मांगी, रोहित गोदारा गैंग का मैसेज- पैसे नहीं दिए तो परिवार समेत मारेंगे

हरियाणा कांग्रेस के नेता सचिन कुंडू को धमकी भरी कॉल आई। कुंडू से ₹5 करोड़ की रंगदारी मांगी गई है। न देने पर परिवार सहित जान से मारने की धमकी दी गई है। कुंडू ने अक्टूबर 2024 में पानीपत ग्रामीण सीट से मौजूदा शिक्षामंत्री महिपाल ढांडा के सामने विधानसभा चुनाव लड़ा था। वह हरियाणा यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष भी रहे हैं।

बदमाशों ने सचिन को कॉल उस वक्त की, जब वे एक कार्यक्रम में शामिल होने गए हुए थे। उसके बाद उनके पास वॉयस मैसेज भी आए। जिसमें कहा कि यह रकम नहीं दी तो पूरे परिवार समेत मार डालेंगे।

गैंगस्टर रोहित गोदारा के नाम पर धमकी दी गई। पुलिस ने महेंद्र डेलाणा के खिलाफ केस दर्ज किया है। डेलाणा मूलरूप से राजस्थान का है और लंबे समय से अपराध की दुनिया में सक्रिय है।

गढ़ सरनाई में कार्यक्रम के दौरान मिली धमकी

सेक्टर-18 के रहने वाले सचिन कुंडू ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 3 मई को वह किसी निजी कार्यक्रम के सिलसिले में गांव गढ़ सरनाई में मौजूद थे। इसी दौरान शाम करीब 4:09 और 4:10 बजे उनके मोबाइल पर एक विदेशी नंबर से वॉट्सएप कॉल आई। सचिन कुंडू ने उस समय कॉल रिसीव नहीं की।

वॉइस मैसेज पर कहा- 5 करोड़ दो वरना परिवार खत्म

कॉल न उठाने के कुछ ही मिनटों बाद, उसी विदेशी नंबर से शाम 4:12 और 4:13 पर दो वॉइस मैसेज आए। पहला मैसेज 59 सेकंड का और दूसरा 34 सेकंड का था। जब सचिन ने इन रिकॉर्डिंग्स को सुना तो उनके होश उड़ गए। वॉइस मैसेज भेजने वाले ने अपना नाम महेन्द्र डेलाणा बताया और खुद को रोहित गोदारा गैंग का सदस्य बताया।

आरोपी ने सीधे तौर पर 5 करोड़ रुपए की मांग की और धमकी दी कि यदि रकम नहीं मिली, तो सचिन कुंडू और उनके पूरे परिवार को जान से मार दिया जाएगा।

केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस

थाना सेक्टर 13-17 थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर दलबीर ने सचिन कुंडू की शिकायत पर आरोपी महेन्द्र डेलाणा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 308(4) और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की आगामी जांच और कार्रवाई ASI सोनू को सौंपी गई है।

भाजपा नेता से ₹5 करोड़ की मांग

पानीपत के अंसल निवासी भाजपा नेता डॉ. गौरव श्रीवास्तव को वॉट्सएप पर धमकी भरी कॉल आई। फोन करने वाले ने खुद को रणदीप मलिक बताते हुए कहा कि उसके पास डॉक्टर के परिवार, घर और उनके क्लीनिक की पूरी जानकारी है। अगर 5 करोड़ रुपए नहीं दिए तो परिवार समेत गोलियां मार देंगे। डॉ. गौरव पानीपत निगम में मनोनीत पार्षद भी हैं।

मिट्ठन स्वीट्स के मालिकों को धमकी

दूसरी धमकी फतेहपुरी चौक स्थित मिट्ठन स्वीट्स के मालिकों को मिली है। दुकान मालिक रजनीश और योगेश को भी वॉट्सएप कॉल के जरिए धमकाया गया। रणदीप मलिक ने उनसे भी 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी। रजनीश के अनुसार, रणदीप ने कहा- चालाकी करने की कोशिश न करें और चुपचाप रकम का इंतजाम करें।

बिजनेसमैन से मांगी ₹10 करोड़ की रंगदारी

इसराना निवासी सुक्रमपाल का कहना है कि 24 मार्च 2026 को उन्हें वॉट्सएप पर एक अनजान नंबर से कॉल आई। जिसमें उसने 10 करोड़ रुपए देने के लिए कहा। फोन करने वाले ने खुद को लॉरेंस गैंग से जुड़ा रणदीप मलिक बताया।

सुक्रमपाल के अनुसार, धमकी देने वाले ने कहा- अगर जल्द ही रुपए नहीं दिए गए तो बड़ी वारदात करेंगे। सुक्रमपाल ने इसराना थाना पुलिस को मामले की सूचना दी है। सुक्रमपाल का गुरुग्राम में एक शोरूम है,जो किराए पर दिया हुआ है। साध ही कई एकड़ कृषि भूमि भी है।

दुकानदार से ₹2 करोड़ मांगे

24 मार्च की शाम 4:41 बजे इसराना के ही एक अन्य निवासी हरेन्द्र को भी सुक्रमपाल की तरह की धमकी मिली। हरेन्द्र को वॉट्सएप कॉल पर ही धमकी मिली। आरोपी ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का मेंबर बताया। हरेंद्र के अनुसार, कॉल कटने के बाद बदमाश ने वॉट्सएप पर मैसेज भेजकर धमकी दी कि अगर पैसा नहीं पहुंचा, तो उसे गोलियों से भून दिया जाएगा।