विधानसभा चुनाव के नतीजों के बीच सेंसेक्स 350 अंक चढ़ा:77,200 के पार पहुंचा, अडाणी पोर्ट्स और HUL के शेयरों में 4% तक की तेजी

देश के पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव के नतीजों के बीच आज 4 मई को शेयर बाजार में तेजी है। सेंसेक्स 350 अंक चढ़कर 77,200 पर कारोबार कर रहा है। निफ्टी भी 100 अंक ऊपर है, ये 24,100 के स्तर पर पहुंच गया है।

आज के कारोबार में रियल्टी, मेटल और सरकारी बैंकों के शेयरों में सबसे ज्यादा खरीदारी है। जबकि आईटी और मीडिया शेयरों में सबसे ज्यादा बिकवाली है। अडाणी पोर्ट्स और हिंदुस्तान यूनिलीवर (HUL) के शेयरों में 4% तक की तेजी है।

शेयर बाजार में तेजी की 3 वजह

1. चुनावी रुझान: असम, केरल, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी में हुए विधानसभा चुनावों के शुरुआती रुझानों से बाजार में तेजी हैं। बाजार स्पष्ट जनादेश को पॉजिटिव लेता है।

2. ग्लोबल मार्केट: एशियाई बाजारों में आई तेजी ने भारतीय बाजार के सेंटीमेंट को भी मजबूत किया है। जापान, कोरिया और हॉन्गकॉन्ग के बाजारों में आज मजबूती है।

3. कच्चा तेल: ब्रेंट क्रूड ऑयल एक बार फिर घटकर 110 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आ गया है। ये 107 डॉलर के करीब है। क्रूड जब घटता है तो महंगाई का खतरा कम होता है।

गुरुवार को 583 अंक गिरा था भारतीय शेयर बाजार

बीते हफ्ते गुरुवार, 30 अप्रैल को सेंसेक्स में 583 अंक (0.75%) की गिरावट रही। ये 76,913 के स्तर पर बंद हुआ। निफ्टी में भी 180 अंकों (0.74%) की गिरावट रही, ये 23,998 के स्तर पर बंद हुआ था। कारोबार में आईटी में सबसे ज्यादा खरीदारी रही, जबकि मेटल और सरकारी बैंक के शेयरों में सबसे ज्यादा बिकवाली थी।