गेनहरपुर पंचायत सचिव पर अनुपस्थिति का आरोप:मुखिया ने डीडीसी-बीडीओ से की लिखित शिकायत, जांच और कार्रवाई की मांग

बेगूसराय जिले के वीरपुर प्रखंड की गेनहरपुर पंचायत के सचिव सुरेश कुमार चौधरी पर निर्धारित रोस्टर के अनुसार ड्यूटी से अनुपस्थित रहने और कार्य में लापरवाही बरतने का आरोप लगा है। पंचायत के मुखिया अशोक पासवान ने इस संबंध में शुक्रवार को डीडीसी आकाश चौधरी और बीडीओ पंकज कुमार शक्तिधर से लिखित शिकायत की है, जिसमें जांच और कार्रवाई की मांग की गई है।

ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा

मुखिया अशोक पासवान ने अपनी शिकायत में बताया कि बुधवार को सचिव की ड्यूटी गेनहरपुर पंचायत में तय थी, लेकिन वे कार्यालय में मौजूद नहीं थे। उनकी अनुपस्थिति के कारण जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, कबीर अंत्येष्टि योजना सहित कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक और विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इससे ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

वहीं, पंचायत सचिव सुरेश कुमार चौधरी ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्हें गेनहरपुर के अलावा तीन अन्य पंचायतों की भी जिम्मेदारी दी गई है। साथ ही, जनगणना कार्य के कारण उन पर अतिरिक्त कार्यभार है। इसके बावजूद, वे सभी पंचायतों में समन्वय बनाकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं।