सीएम भजनलाल शर्मा पुष्कर में माॅर्निंग वाॅक पर निकले:ग्रामीणों की मांग पर CHC, सीटी बस और स्कूल चारदीवारी जैसे कामों को दी मंजूरी

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा रविवार और सोमवार को पुष्कर के दौरे पर रहे। इस दौरान सीएम ने रविवार रात कड़ेल गांव में रात्रि विश्राम के बाद मंगलवार सुबह ग्रामीणों से संवाद किया। उन्होंने गांव की गलियों में पैदल भ्रमण कर बुजुर्गों, महिलाओं, किसानों और युवाओं से मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उनकी समस्याएं सुनीं और सरकार की लोक कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।

सीएचसी, सीटी बस की मांग को दी मंजूरी

मुख्यमंत्री ने गांव की हथा ई पर ग्रामीणों के साथ बैठकर चर्चा की। ग्रामीणों ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में क्रमोन्नत करने, सिटी बस सेवा शुरू करने और स्कूल की चारदीवारी के निर्माण की मांग रखी। मुख्यमंत्री शर्मा ने इन तीनों मांगों को स्वीकृति प्रदान करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

अपने गांव भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने बच्चों से भी बातचीत की और उन्हें चॉकलेट बांटी। उन्होंने गांव के प्राचीन शेषनाग भगवान मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस दौरान जल संसाधन मंत्री एवं पुष्कर विधायक सुरेश सिंह रावत सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

रात में किसान के घर खाया खाना

इससे पहले, ग्राम विकास चौपाल कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री रविवार रात को गांव निवासी लादूराम मेघवाल के घर भोजन के लिए पहुंचे थे। उन्होंने घर के बाहर लादूराम मेघवाल की माता माना देवी से कुशलक्षेम पूछी और उनसे बातचीत की।

ग्रामीणों से संवाद और गांव भ्रमण के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सड़क मार्ग से किशनगढ़ के लिए रवाना हो गए।